देश की खबरें | पंचायत चुनाव: प. बंगाल के राज्यपाल ने मतदाताओं से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने को कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस ने ग्रामीण बंगाल के लोगों से पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का आग्रह करते हुए शुक्रवार को कहा कि वह मतदान के दौरान अपनी टीम के साथ सड़कों पर मौजूद रहेंगे।
बरहामपुर (प. बंगाल), सात जुलाई पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस ने ग्रामीण बंगाल के लोगों से पंचायत चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का आग्रह करते हुए शुक्रवार को कहा कि वह मतदान के दौरान अपनी टीम के साथ सड़कों पर मौजूद रहेंगे।
राज्यपाल ने कहा कि वह शनिवार को होने वाले पंचायत चुनाव के दौरान पूरे राज्य में स्थिति पर नजर रखेंगे और सुधारात्मक कदम उठाएंगे।
बोस ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं कल सड़कों पर रहूंगा। मैं अपनी टीम के साथ रहूंगा। कल मतदान शुरू होने से पहले ही मैं सड़कों पर उतर जाऊंगा। मतदान समाप्त होने के बाद मैं वापस राजभवन चला जाऊंगा। इस बीच, मैं शांति कक्ष (पीस रूम) भी जाऊंगा और देखूंगा कि राज्यभर में क्या हो रहा है।’’
मतदान के दिन अपनी भूमिका के बारे में बात करते हुए बोस ने कहा कि वह सुनिश्चित करेंगे कि जनता के हितों की रक्षा हो और हर कोई संविधान का पालन करे।
बोस ने लोगों से शनिवार को अनिवार्य रूप से मतदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘कल का चुनाव महत्वपूर्ण है। मुझे लगता है कल सभी समस्याओं का स्थाई समाधान निकल आएगा।’’
सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के इस आरोप पर कि वह (राज्यपाल) प्रचार पाने के लिए राज्य में घूम रहे हैं, बोस ने कहा, ‘‘हां, मैं उनसे सहमत हूं। मैं ये सब सिर्फ प्रचार, प्रचार और प्रचार के लिए कर रहा हूं। मैं आम आदमी के अधिकारों का प्रचार करने, संविधान की शुचिता का प्रचार करने और उस मानवाधिकार का प्रचार कर रहा हूं जिसे किसी भी राजनीतिक दुष्प्रचार से दबाया नहीं जा सकता।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)