देश की खबरें | पलक्कड़ उपचुनाव: बगावत का बिगुल फूंकने वाले डिजिटल मीडिया संयोजक सरीन कांग्रेस से निष्कासित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल के पलक्कड़ विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन के फैसले को लेकर पार्टी नेतृत्व के खिलाफ आवाज उठाने वाले कांग्रेस के डिजिटल मीडिया संयोजक डॉ. पी. सरीन को बृहस्पतिवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया।

तिरुवनंतपुर/पलक्कड़, 17 अक्टूबर केरल के पलक्कड़ विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन के फैसले को लेकर पार्टी नेतृत्व के खिलाफ आवाज उठाने वाले कांग्रेस के डिजिटल मीडिया संयोजक डॉ. पी. सरीन को बृहस्पतिवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया।

केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) ने यह निर्णय उसी समय लिया जब सरीन ने पलक्कड़ में एक पत्रकार वार्ता में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के साथ मिलकर आगे काम करने की अपनी मंशा जाहिर की थी।

सरीन ने पत्रकारवार्ता करते समय विपक्ष के नेता वी. डी. सतीशन, वडकारा के सांसद शफी परमबिल और पलक्कड़ उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार राहुल ममकूटथिल सहित कांग्रेसी नेताओं पर आरोप लगा रहे थे। उसी समय केपीसीसी ने एक विज्ञप्ति जारी कर राज्य पार्टी प्रमुख के सुधाकरन द्वारा सरीन को पार्टी से निष्कासित करने के फैसले की घोषणा की।

केपीसीसी ने कहा कि यह कार्रवाई सरीन की पार्टी विरोधी गंभीर गतिविधियों और अनुशासनहीनता के कारण की गई है।

खबरों के अनुसार, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) उन्हें पलक्कड़ से वामपंथी उम्मीदवार के तौर पर उतारने पर विचार कर सकती है। माकपा के जिला नेतृत्व ने कहा कि उम्मीदवार के बारे में फैसला पार्टी द्वारा ही किया जाएगा।

अपनी पत्रकारवार्ता के दौरान सरीन ने कहा, ‘‘मैं इस चुनाव में वामपंथियों के लिए काम करूंगा, हालांकि यह कार्य उम्मीदवार के तौर पर नहीं होगा।’’ सरीन ने सतीशन पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रति ‘‘नरम रुख’’ रखने का आरोप लगाया।

सरीन ने कहा, ‘‘सतीशन का रवैया ‘मैं ही पार्टी हूं’ वाला है।’’

उन्होंने माकपा की प्रशंसा की और कहा कि वह पार्टी संरचना व्यवस्थित है और व्यक्ति की अपेक्षा पार्टी को प्राथमिकता दी जाती है।

पलक्कड़ विधानसभा उपचुनाव के लिए युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ममकूटथिल को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद से पार्टी में असंतोष के स्वर उठने लगे।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा ममकूटथिल की उम्मीदवारी की घोषणा के बाद, सरीन ने बुधवार को खुले तौर पर निर्णय के प्रति असंतोष व्यक्त किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\