विदेश की खबरें | पाकिस्तान : पूर्वी पंजाब में गश्त चौकी पर हुए हमले में पुलिसकर्मी की मौत, दो आंतकवादी ढेर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने पंजाब प्रांत में एक पुलिस चौकी पर आतंकवादी हमले को नाकाम करने का रविवार को दावा किया, जिसमें तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के दो अति वांछित आतंकवादी मारे गए।
लाहौर, एक अक्टूबर पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने पंजाब प्रांत में एक पुलिस चौकी पर आतंकवादी हमले को नाकाम करने का रविवार को दावा किया, जिसमें तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के दो अति वांछित आतंकवादी मारे गए।
पंजाब पुलिस प्रमुख उस्मान अनवर ने एक बयान में कहा कि रविवार तड़के मियांवाली में कुंडल गश्ती चौकी पर हुए हमले में एक पुलिसकर्मी की भी मौत हो गई।
उन्होंने कहा, “(लाहौर से लगभग 300 किमी दूर) मियांवली में कुंडल पंजाब राजमार्ग गश्ती चौकी में पंजाब के आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) की सहायता से चलाए गए अभियान के तहत पुलिस ने कल रात लगभग 11 बजकर 45 मिनट पर 12 से 15 आतंकवादियों के हमले को सफलतापूर्वक विफल कर दिया।”
अनवर ने कहा कि अभियान के दौरान हेड कांस्टेबल हारून की जान चली गई, कई आतंकवादी घायल हो गए जबकि सीटीडी कर्मियों को इलाके में खोजबीन के बाद दो शव मिले।
उन्होंने कहा, “अभियान रविवार सुबह सात बजकर 45 मिनट पर समाप्त हुआ और इसके परिणामस्वरूप दो आतंकवादियों के शव बरामद हुए। एक आतंकवादी की पहचान लक्की मरवत के टीटीपी टीपू समूह के प्रमुख अरशद नवाज के भाई जुबैर नवाज के रूप में हुई है।”
अनवर ने कहा कि पुलिस अधिकारियों, शिया मुसलमानों की हत्याओं और जबरन वसूली गतिविधियों में शामिल होने के कारण जुबैर पंजाब और खैबर पख्तूनख्वा दोनों प्रांतों में सर्वाधिक वांछित सूची में था, जबकि दूसरा आतंकवादी मुहम्मद खान भी अति वांछित आतंकवादियों सूची में था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)