खेल की खबरें | बाबर और इफ्तिखार के शतक से पाकिस्तान ने नेपाल को दिया बड़ा लक्ष्य

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. कप्तान बाबर आजम और इफ्तिखार अहमद की शतकीय पारियों और दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 131 गेंद में 214 रन की साझेदारी के दम पर पाकिस्तान ने एशिया कप एकदिवसीय टूर्नामेंट के पहले मैच में  धीमी शुरूआत से उबरते हुए नेपाल के खिलाफ छह विकेट पर 342 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

मुल्तान, 30 अगस्त कप्तान बाबर आजम और इफ्तिखार अहमद की शतकीय पारियों और दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 131 गेंद में 214 रन की साझेदारी के दम पर पाकिस्तान ने एशिया कप एकदिवसीय टूर्नामेंट के पहले मैच में  धीमी शुरूआत से उबरते हुए नेपाल के खिलाफ छह विकेट पर 342 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।

 दोनों देशों के बीच यह पहला एकदिवसीय मैच है और पाकिस्तान के बल्लेबाजों ने नेपाल के गेंदबाजों की अनुभवहीनता का पूरा फायदा उठाया। नेपाल के क्षेत्ररक्षकों ने खराब प्रदर्शन कर पाकिस्तान के बल्लेबाजों को 25 से 30 अधिक रन बनाने का मौका दिया।बाबर ने 131 गेंद की पारी में 14 चौके और चार छक्के की मदद से 151 रन बनाये जबकि इफ्तिखार ने 71 गेंद की नाबाद पारी में 11 चौके और चार छक्के की मदद से 109 रन बनाये।

इफ्तिखार का यह पहला एकदिवसीय शतक है तो वही बाबर सबसे कम पारियों में 19 शतक पूरा करने वाले बल्लेबाज बन गये। बाबर ने अपने 19वें शतक तक पहुंचने के लिए 104 मैच और 102 पारी लिये।

इससे पहले यह रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के हासिम अमला के नाम था जो 104 पारी में इस मुकाम पर पहुंचे थे। इस सूची में भारत के करिश्माई बल्लेबाज विराट कोहली अब तीसरे स्थान पर खिसक गये हैं। कोहली 124 पारियों मे अपना 19वां एकदिवसीय शतक लगाया था।

नेपाल के लिए सोमपाल कामी ने दो जबकि करण केसी और संदीप लामिछाने ने एक-एक विकेट लिया। 

पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। सोमपाल और करण ने कसी हुई गेंदबाजी की जिसका फायदा नेपाल को छठे ओवर में मिला। करण की गेंद पर फखर जमां (14) ने विकेटकीपर आसिफ शेख को कैच दे दिया।

अगले ओवर में कप्तान रोहित पौडेल के सटीक थ्रो पर इमाम उल हक (पांच) रन आउट होकर पवेलियन लौटे।

इसके बाद बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने संभलकर बल्लेबाजी करने पर ध्यान दिया। पाकिस्तान की सबसे भरोसेमंद जोड़ी क्रीज पर थी और 10 ओवर के बाद टीम का स्कोर दो विकेट पर 44 रन था। रिजवान ने ललित राजबंशी और संदीप लामिछाने के खिलाफ चौके के साथ हाथ खोला तो वहीं बाबर ने भी लामिछाने की गेंद पर चार रन बटोरे।

बाबर ने दीपेंद्र सिंह ऐरी पर चौका लगाकर 22वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया। रिजवान ने 24वें ओवर में लामिछाने के खिलाफ चौका लगाया लेकिन अगली गेंद पर रन आउट होने से वह अर्धशतक पूरा करने से चूक गये। उन्होंने 50 गेंद की पारी में छह चौके लगाये। रिजवान और बाबर ने 106 गेंद में 86 रन की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी।

इंडियन प्रीमियर लीग में खेल चुके लामिछाने ने आगा सलमान (पांच) को आउट कर पाकिस्तान को चौथा झटका दिया।

इफ्तिखार ने 35वें ओवर की पहली गेंद पर सोमपाल कामी के खिलाफ पारी का पहला छक्का लगाया, इसी ओवर में बाबर ने भी चौका जड़ा। लामिछाने के खिलाफ इफ्तिखार के 38वें ओवर में लगाये चौके से पाकिस्तान के 200 रन पूरे हुए।

बाबर ने 42 वें ओवर में  दीपेंद्र की गेंद पर दो रन लेकर एकदिवसीय में अपना 19वां शतक पूरा किया।  इसी ओवर में इफ्तिखार ने भी अपना 43 गेंद में अपना पचासा पूरा किया।

बाबर ने गुलशन झा के खिलाफ तो वहीं इफ्तिखार ने दीपेंद्र के खिलाफ छक्के जड़े जिससे टीम ने 44वें ओवर में 250 रन के आंकड़े को पार किया। पाकिस्तानी कप्तान ने 45वें ओवर में सोमपाल के खिलाफ लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का जड़ा। टीम ने इस ओवर में 20 रन बटोरे। उन्होंने अगले ओवर में लामिछाने के खिलाफ लगातार दो छक्के लगाये।  

इस बीच इफ्तिखार ने अपने आक्रामक रूख को बनाये रखते हुए सोमपाल के खिलाफ 48वें ओवर में छक्का और चौका लगाया तो वही बाबर ने एक रन लेकर 129 गेंद में अपने 150 रन पूरे किये।  

इफ्तिखार ने 49वें ओवर में करण के खिलाफ चौका, छक्का और फिर चौका लगा कर एकदिवसीय करियर का अपना पहला शतक महज 67 गेंद में पूरा किया। 

बाबर आखिरी ओवर में सोमपाल की गेंद पर कैच आउट हुए लेकिन पाकिस्तान ने अंतिम 10 ओवरों में 129 रन बनाकर बड़ा स्कोर खड़ा कर लिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

West Indies Women vs Australia Women, 3rd T20I Match Live Score Update: किंग्सटाउन में वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच खेला जा रहा हैं तीसरा टी20 मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

West Indies Women vs Australia Women, 3rd T20I Match Live Streaming In India: वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला के बीच आज खेला जाएगा तीसरा टी20, यहां जानें भारत में कब, कहां और कैसे उठाएं लाइव मैच का लुफ्त

West Indies Women vs Australia Women T20I Stats: टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक-दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा है वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला का प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आंकड़े

West Indies Women vs Australia Women, 3rd T20I Match Pitch Report And Weather Update: किंग्सटाउन में वेस्टइंडीज महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला मुकाबले में मौसम बनेगा अहम फैक्टर या फैंस उठाएंगे पूरे मैच का लुफ्त? यहां जानें मौसम का हाल

\