विदेश की खबरें | अमेरिका-चीन प्रतिद्वंद्विता में पाकिस्तान किसी का पक्ष नहीं लेना चाहता : हिना रब्बानी खार
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

इस्लामाबाद, 22 जून पाकिस्तान की विदेश राज्य मंत्री हिना रब्बानी खार ने कहा है कि खुद उनके देश में कई समस्याएं हैं और यह चीन एवं अमेरिका के बीच एक नये शीत युद्ध की आफत मोल लेना नहीं चाहता।

खार ने कहा कि अमेरिका और चीन के बीच संबंध बिगड़ने से चीन के सहयोगी देश पाकिस्तान के समक्ष उनमें से किसी एक को चुनने का एक मुश्किल विकल्प होगा।

वाशिंगटन से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्र ‘पोलिटिको’ को दिये खार के एक साक्षात्कार को उद्धृत करते हुए ‘डॉन’ अखबार ने कहा, ‘‘अमेरिका के साथ करीबी, सहयोगी संबंध रखने का हमारा एक इतिहास रहा है। हमारा इरादा उससे बाहर निकलने का नहीं है। पाकिस्तान का चीन के साथ एक करीबी, सहयोगी संबंध रहा है...।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम विश्व को दो हिस्सों में बांटने (ध्रुवीकृत करने) के इस विचार के बिल्कुल खिलाफ हैं।’’

खार ने कहा कि अमेरिका और चीन के बीच बढ़ती वैश्विक प्रतिद्वंद्विता में पाकिस्तान किसी का पक्ष नहीं लेना चाहता।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को कैलिफोर्निया में एक राजनीतिक कार्यक्रम में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा तानाशाह कहे जाने से पहले यह साक्षात्कार रिकार्ड किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)