पाक ने किया एलान, अमेरिका-ईरान की डील हुई
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिका और ईरान के बीच डील पर सहमति बनने की घोषणा की है.
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने अमेरिका और ईरान के बीच डील पर सहमति बनने की घोषणा की है. उन्होंने कहा कि दोनों देश लेबनान समेत सभी मोर्चों पर तुरंत लड़ाई रोकेंगे.अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने रविवार देर रात एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा, "गहन वार्ताओं के बाद में यह घोषणा करते हुए हमें खुशी हो रही है कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर सहमति बन गई है." उन्होंने आगे लिखा कि इस डील पर आगामी शुक्रवार, 19 जून को स्विट्जरलैंड में हस्ताक्षर होंगे.
"तेल को बहने दो"
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि ईरान से डील पूरी हो गई है. उन्होंने सभी को बधाई देते हुए कहा कि वह अमेरिकी नौसेना द्वारा की गई होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकेबंदी को खत्म कर रहे हैं और अब किसी शुल्क के बिना जहाज वहां से गुजर सकते हैं. अपनी पोस्ट के आखिर में उन्होंने लिखा, "तेल को बहने दो."
इस बीच, ईरानी सरकारी मीडिया ने भी अमेरिका से डील होने की पुष्टि कर दी है. ईरान के विदेश उप मंत्री ने कहा कि ईरान और लेबनान में सैन्य अभियान खत्म करने के बारे में अमेरिका के साथ सहमति बन गई है. साथ ही उन्होंने होर्मुज की नाकेबंदी खत्म करने पर रजामंदी होने की बात भी कही.
28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका और इस्राएल के हमलों के कुछ दिन बाद ही होर्मुज को बंद कर दिया गया. इस अहम समुद्री मार्ग से दुनिया की जरूरत का कुल 20 फीसदी तेल गुजरता है. इसके बंद होने से दुनिया भर में तेल की आपूर्ति प्रभावित हुई और डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ गए. इसके अलावा भारत में रसोई गैस की भी किल्लत होने लगी.
शांति समझौते का स्वागत
जर्मनी, ब्रिटेन, फ्रांस और इटली ने रविवार रात अमेरिका और ईरान की शांति वार्ता में मिली बड़ी कामयाबी का स्वागत किया है. ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा है कि अब ध्यान इस बात पर होना चाहिए कि होर्मुज खुला रहे ताकि इसकी नाकेबंदी से पड़ने वाले बुरे आर्थिक प्रभाव से बचा जा सके.
शांति समझौते पर सहमति बनाने में मदद करने वाले कतर ने भी इसका स्वागत किया है. कतर के प्रधानमंत्री के साथ-साथ विदेश मंत्री का पद संभाल रहे मोहम्मद बिन अब्दुल अल थानी ने एक्स पर लिखा, "हम आशा करते हैं कि सभी पक्ष आगामी वार्ताओं में सकारात्मक और रचनात्मक भावना के साथ भाग लेंगे, जिससे अब तक हुई प्रगति को मजबूत करने और उसे आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी."
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 15, 2026 05:40 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

