देश की खबरें | पहलगाम आतंकी हमला : बंगाल कैबिनेट ने शोक प्रस्ताव पारित किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत पर दुख जताने के लिए एक शोक प्रस्ताव पारित किया है।

कोलकाता, 23 अप्रैल पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत पर दुख जताने के लिए एक शोक प्रस्ताव पारित किया है।

उन्होंने हमले की कड़ी निंदा की और जिम्मेदार लोगों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की।

बनर्जी ने कहा, ‘‘आतंकवाद का कोई धर्म या जाति नहीं होती, आप उन्हें माफ नहीं कर सकते।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि इतने लंबे समय तक आतंकी हमला हुआ। हम जो सुन रहे हैं, उसके अनुसार हमलावरों ने हत्या करने से पहले अपने शिकार चुने थे। वहां बहुत से सैन्यकर्मी मौजूद थे। यह सीमावर्ती क्षेत्र है। मैं अभी इस पर ज्यादा कुछ नहीं बोलूंगी। हम चाहते हैं कि इसके पीछे जो लोग हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।’’

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख बनर्जी ने कहा, ‘‘हमने घटना की निंदा की है और हमने अपना दुख व्यक्त करने के लिए आज मंत्रिमंडल में एक शोक प्रस्ताव पारित किया है।’’

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि पश्चिम बंगाल के तीन पीड़ितों के परिवारों को राज्य सरकार से पूरी सहायता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि बितान अधिकारी और समीर गुहा के शव शाम को कोलकाता लाए जाएंगे।

बनर्जी ने यह भी पुष्टि की कि पुरुलिया जिले के निवासी आईबी अधिकारी मनीष रंजन का पार्थिव शरीर विमान से रांची लाया जाएगा और फिर सड़क मार्ग से झालदा स्थित उनके निवास पर ले जाया जाएगा।

बनर्जी ने कहा कि उन्होंने बितान की पत्नी और भाई तथा समीर के बड़े भाई से भी बात की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\