देश की खबरें | पीएसी बैठक: कोविड टीकाकरण पर अधीर की राजग सांसदों के साथ तीखी बहस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) की बैठक के दौरान बुधवार को इसके अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी और सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सांसदों के बीच उस वक्त तीखी नोकझोंक देखने को मिली जब कांग्रेस नेता ने समिति की बैठक में कोविड रोधी टीकाकरण के मुद्दे पर चर्चा का प्रयास किया।

नयी दिल्ली, 16 जून संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) की बैठक के दौरान बुधवार को इसके अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी और सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सांसदों के बीच उस वक्त तीखी नोकझोंक देखने को मिली जब कांग्रेस नेता ने समिति की बैठक में कोविड रोधी टीकाकरण के मुद्दे पर चर्चा का प्रयास किया।

सूत्रों ने यह जानकारी दी।

कोरोना महामारी की दूसरी लहर के बाद यह पीएसी बैठक हुई और इसमें मौजूदा साल के लिए चर्चा किए जाने वाले विषयों को अंतिम रूप दिया जाना था।

सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान चौधरी कोरोना महामारी की स्थिति से जुड़े केंद्र सरकार के प्रबंधन की आलोचना करते हुए एक बयान पढ़ने लगे जिसका भाजपा के जगदंबिका पाल और जदयू के राजीव रंजन सिंह समेत सत्तापक्ष के कई सांसदों ने विरोध किया और कहा कि यह टिप्पणी नियमों के अनुरूप नहीं है।

बैठक में अपने वक्तव्य के दौरान चौधरी ने सुझाव दिया कि टीकाकरण अभियान के मुद्दे को समिति की चर्चा में शामिल किया जाए। उनके इस सुझाव का राजग के सांसदों ने विरोध किया।

सूत्रों के अनुसार, चौधरी के वक्तव्य के दौरान जब राजग सांसद टोका-टाकी करने लगे तो लोकसभा में कांग्रेस के नेता ने कहा कि अगर वह कुछ अनुचित कह रहे हैं तो वह पीएसी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे देंगे।

अपने विरोध को सही ठहराते हुए राजग सांसदों ने कहा कि पीएसी का व्यापक मकसद केंद्र सरकार के राजस्व और खर्च का ऑडिट करना है। इसका बुनियादी काम संसद में पेश होने वाली कैग रिपोर्ट की छानबीन करना है।

इस बारे में पूछे जाने पर बीजद सांसद भृर्तुहरि महताब ने बैठक के ब्यौरे का खुलासा करने से इनकार किया, हालांकि यह जरूर कहा कि नियमों के मुताबिक, पीएसी में चर्चा के लिए विषयों का फैसला सर्वसम्मति से होना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

\