देश की खबरें | विपक्ष ने राहुल को राहत मिलने का स्वागत किया, गठबंधन के संकल्प को ताकत देने वाला बताया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के कई घटक दलों के प्रमुख नेताओं ने ‘मोदी उपनाम’ वाली टिप्पणी से संबंधित मानहानि के मामले में राहुल गांधी को राहत मिलने का स्वागत करते हुए शुक्रवार को कहा कि इससे विपक्षी गठजोड़ के इस संकल्प को मजबूती मिलेगी कि भारतीय जनता पार्टी को एकजुट होकर पराजित करना है।

नयी दिल्ली, चार अगस्त विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के कई घटक दलों के प्रमुख नेताओं ने ‘मोदी उपनाम’ वाली टिप्पणी से संबंधित मानहानि के मामले में राहुल गांधी को राहत मिलने का स्वागत करते हुए शुक्रवार को कहा कि इससे विपक्षी गठजोड़ के इस संकल्प को मजबूती मिलेगी कि भारतीय जनता पार्टी को एकजुट होकर पराजित करना है।

उच्चतम न्यायालय ने ‘मोदी उपनाम’ को लेकर की गई कथित विवादित टिप्पणी के संबंध में 2019 में दायर आपराधिक मानहानि मामले में राहुल गांधी की दोषसिद्धि पर रोक लगाते हुए शुक्रवार को उनकी लोकसभा की सदस्यता बहाल करने का रास्ता साफ कर दिया।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, ‘‘मैं राहुल गांधी की संसद सदस्यता बहाली की खबर से खुश हूं। यह हमारी मातृभूमि के लिए एकजुट होकर लड़ने और जीतने के विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के संकल्प को और मजबूत करेगा। न्यायपालिका की जीत।’’

वहीं, तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के ट्वीट को साझा करते हुए कहा, ‘‘नैतिक ब्रह्मांड का चक्र लंबा है लेकिन यह न्याय की ओर झुकता है।’’

समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि इस फैसले से लोकतंत्र एवं न्यायपालिका में लोगों की आस्था और बढ़ गयी है।

यादव ने एक ट्वीट में कहा, ''सर्वोच्च न्यायालय ने राहुल गांधी जी की सज़ा पर रोक लगाकर भारतीय लोकतंत्र एवं न्यायपालिका में लोगों की आस्था को बढ़ावा दिया है।''

बिहार के उप मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने ट्वीट किया, ‘‘माननीय उच्चतम न्यायालय का राहुल गांधी जी के संदर्भ में लिया गया फैसला स्वागत योग्य है। अगर भाजपा के दुष्प्रचारी एवं कॉम्प्रोमाइज्ड तंत्र को ये झटका नही लगता तो कई और विपक्षी नेताओं को ये साजिशों व षड्यंत्रों के तहत विधायिका से बाहर रखने की जालसाजी जारी रखते। सत्यमेव जयते!’’

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘मैं राहुल गांधी जी के खिलाफ मानहानि के अनुचित मामले में माननीय उच्चतम न्यायालय के हस्तक्षेप का स्वागत करता हूं। यह भारतीय लोकतंत्र और न्यायिक प्रणाली में लोगों के विश्वास को मजबूत करता है। उन्हें और वायनाड के लोगों को बधाई।’’

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक नेता एमके स्टालिन ने उच्चतम न्यायालय के आदेश की सराहना करते हुए कहा कि इससे न्यायपालिका में विश्वास मजबूत हुआ है और सत्य की जीत हुई है।

जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी राहुल गांधी को बधाई दी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\