देश की खबरें | विपक्ष ने गृह मंत्रालय के कामकाज पर राज्यसभा में चर्चा की मांग की

नयी दिल्ली, एक अगस्त संसद में बजट पेश किए जाने के बाद कुछ मंत्रालयों के कामकाज पर राज्यसभा में चर्चा जारी रहने के बीच विपक्षी दलों ने मांग की है कि गृह मंत्रालय के कामकाज पर भी चर्चा होनी चाहिए।

आमतौर पर राज्यसभा में चार मंत्रालयों के कामकाज पर चर्चा होती है और सदन में आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा पूरी हो गयी। इसके बाद के उच्च सदन में कृषि मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा हो रही है।

उच्च सदन की कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की मंगलवार को हुई बैठक में तृणमूल कांग्रेस ने गृह मंत्रालय पर चर्चा कराए जाने का प्रस्ताव रखा।

सूत्रों ने बताया कि इस मांग का सभी विपक्षी दलों के साथ-साथ बीजद ने भी समर्थन किया, जो विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का हिस्सा नहीं है।

राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ ब्रायन ने सभापति जगदीप धनखड़ को पत्र लिखकर आग्रह किया कि सदन में चर्चा के लिए मंत्रालयों में गृह मंत्रालय को भी शामिल किया जाना चाहिए।

धनखड़ को लिखे अपने पत्र में ब्रायन ने कहा कि गृह मंत्रालय के कामकाज पर राज्यों की परिषद (राज्यसभा) द्वारा चर्चा की जानी चाहिए क्योंकि यह एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मांग का कई अन्य दलों ने भी समर्थन किया है और मंत्रालय पर लोकसभा में भी चर्चा नहीं हो रही है।

ब्रायन ने बृहस्पतिवार को सदन में भी यह मांग की। भोजनावकाश के बाद जब सदन की बैठक शुरू हुई तो उन्होंने सभापति से यह मांग की।

बुधवार को राज्यसभा के बुलेटिन में कहा गया है कि बीएसी ने आवास और शहरी मामलों तथा कृषि और किसान कल्याण पर चर्चा को मंजूरी दी है। बीएसी ने यह भी सिफारिश की कि सत्र के दौरान दो और मंत्रालयों के कामकाज पर चर्चा की जाएगी और सभापति द्वारा अंतिम फैसला किया जाएगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)