देश की खबरें | अवैध पशु परिवहन के लोकर मप्र में हुए हमले में महाराष्ट्र के एक व्यक्ति की मौत, दो अन्य घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जिले में कथित पशु तस्करी को लेकर करीब एक दर्जन लोगों के एक समूह के हमले में महाराष्ट्र निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

नर्मदापुरम (मध्य प्रदेश), तीन अगस्त जिले में कथित पशु तस्करी को लेकर करीब एक दर्जन लोगों के एक समूह के हमले में महाराष्ट्र निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

नर्मदापुरम के पुलिस अधीक्षक (एसपी) गुरकरण सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि यह घटना उस समय हुई जब लोगों के एक समूह ने मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब साढ़े बारह बजे सिवनी मालवा कस्बे के पास बाराखड़ गांव में गायों को ले जा रहे एक ट्रक को रोका।

सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र के अमरावती जिले के रहने वाले तीन व्यक्ति एक ट्रक में गायों को अवैध रुप से ले जा रहे थे।

एसपी ने कहा कि 10-12 लोगों के समूह ने ट्रक को रोका और ट्रक में सवार तीनों की पिटाई कर दी जिससे वे घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को अस्पताल ले गई जहां उपचार के दौरान एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।

सिंह ने कहा कि भादवि की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नर्मदापुरम के एसपी ने कहा कि हमले में घायल ट्रक चालक के खिलाफ भी गायों के अवैध परिवहन का मामला दर्ज किया गया है।

एक अन्य पुलिस अधिकारी ने कहा कि मृतक की पहचान नजीर अहमद के तौर पर हुई है जबकि घायलों के नाम शेख लाला और मुश्ताक हैं।

ट्रक चला रहे शेख लाला ने पत्रकारों को बताया कि नर्मदापुरम जिले के नंदेरवाड़ा गांव से वे गायों को अमरावती के एक मवेशी बाजार में ले जा रहे थे तब सिवनी मालवा के पास ग्रामीणों ने वाहन को रोक लिया।

उन्होंने इस बात से इंकार किया कि गायों को एक बूचड़खाने में ले जाया जा रहा था। उसने दावा किया कि वे पशु बाजार में बिक्री के लिए ले जाई जा रही थीं। लाला ने कहा कि ट्रक में 30 गायें लदी थीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now