विदेश की खबरें | ग्वादर में पाकिस्तानी सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड में एक उग्रवादी मारा गया, तीन घायल
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

कराची, 13 अगस्त पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान के बंदरगाह शहर ग्वादर में रविवार को सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में एक उग्रवादी मारा गया और तीन अन्य घायल हो गए। पाकिस्तानी सेना ने यह जानकारी दी।

यह प्रमुख बंदरगाह अरबों डॉलर की लागत वाले 'चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे' (सीपीईसी) का एक प्रमुख बिंदु है और चीन के भी अनेक कर्मचारी यहां काम करते हैं।

सीपीईसी परियोजना के तहत चीन बलूचिस्तान में भारी निवेश कर रहा है।

पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के अनुसार, इलाके में उग्रवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद अभियान शुरू किया गया।

आईएसपीआर ने कहा, "सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।"

पिछले साल नवंबर में प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान द्वारा सरकार के साथ अपना संघर्षविराम समाप्त किए जाने के बाद विशेष रूप से खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकी गतिविधियों में वृद्धि देखी गई है।

पिछले महीने बलूचिस्तान के झोब और सुई इलाकों में अभियान के दौरान पाकिस्तानी सेना के 12 सैनिक मारे गए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)