नयी दिल्ली, चार दिसंबर ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स (ओएनडीसी) ने सोमवार को ‘बिल्ड फॉर भारत’ पहल की घोषणा की। इसका उद्देश्य ई-कॉमर्स में विविध चुनौतियों से निपटते हुए इस क्षेत्र में व्यावहारिक समाधान विकसित करने के लिए औद्योगिक नवोन्मेष को बढ़ावा देना है।
आधिकारिक बयान के अनुसार ओएनडीसी ने यह पहल गूगल क्लाउड इंडिया, एंटलर इन इंडिया, पेटीएम, प्रोटीन और स्टार्टअप इंडिया के सहयोग से की है।
‘बिल्ड फॉर भारत’ का इरादा स्टार्टअप्स, कंपनियों और कॉलेज से आने वाले दो लाख से अधिक प्रतिभागियों की अपेक्षित भागीदारी के साथ भारत की तकनीकी और उद्यमशीलता क्षमता का लाभ उठाना है। यह पहल देश में 50 से अधिक शहरों में की गई है।
इस पहल को शुरू करने के लिए चार दिसंबर को एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों के समक्ष आने वाली समस्याओं पर बात की गई और पंजीकरण आमंत्रित किए गए।
ओएनडीसी के प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) टी कोशी ने कहा, “हम भारत के तेजी से बढ़ते ई-कॉमर्स परिवेश के लिए अभिनव समाधान बनाने पर केंद्रित इस राष्ट्रव्यापी पहल को आयोजित करने को लेकर उत्साहित हैं।”
गूगल क्लाउड इंडिया के प्रबंध निदेशक बिक्रम सिंह बेदी ने कहा, “गूगल क्लाउड भारत की उद्यमशील ऊर्जा और तकनीकी क्षमताओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। यह 'बिल्ड फॉर भारत' पहल, प्रसार योग्य समाधान विकसित करने का मंच देती है, जिससे डिजिटल परिवेश को बड़े पैमाने पर बदला जा सकता है।”
ओएनडीसी उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग की पहल है। इसका मकसद देश में ई-कॉमर्स के लिये समावेशी परिवेश तैयार करना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY