देश की खबरें | राजू के निधन की खबर सुनते ही उनके पैतृक आवास पर प्रशंसकों और दोस्‍तों का हुजूम उमड़ा

श्रीवास्तव की मृत्यु की खबर आने के तुरंत बाद, उनके दोस्त, रिश्तेदार और प्रशंसक किदवई नगर स्थित उनके आवास पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पहुंचे । राजू के परिजन यहीं रहते हैं ।

श्रीवास्तव के करीबी दोस्त संजय बाजपेयी ने बताया कि वह हाल ही में अपने दोस्त के स्वास्थ्य के बारे में जानने के लिए अखिल भारतीय आर्युविज्ञान संस्‍थान (एम्स) गए थे और वहां तीन दिनों से अधिक समय तक रहें।

बाजपेयी ने कहा कि उन्हें परिवार द्वारा सूचित किया गया है कि उनका अंतिम संस्कार ब़ृहस्‍पतिवार को दिल्ली के निगम बोध घाट पर किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि राजू श्रीवास्तव की पत्नी शिखा, बेटा आयुष्मान और बेटी अंतरा एम्स में थे और उन्होंने फैसला किया है कि ब़हस्‍पतिवार सुबह दिल्ली में अंतिम संस्कार किया जाएगा।

कानपुर में बचपन के दोस्तों में से एक श्याम शुक्ला ने राजू को याद करते हुए कहा कि 58 साल की उम्र में श्रीवास्तव के निधन से उन्हें बेहद दुख हुआ।

शुक्ला ने कहा, "हम बचपन से दोस्त रहे हैं। इतना मशहूर होने के बावजूद वह बहुत जमीन से जुड़े थे। जब भी वह कानपुर आते थे तो सभी से मिलते थे।"

शुक्ला ने कहा कि उन्हें परिवार से फोन पर सूचना दी गयी कि राजू अब नहीं रहे । उन्होंने कहा कि यह सबसे दुर्भाग्यपूर्ण खबर थी क्योंकि वह उनके स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना कर रहे थे।

कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव मूल रूप से कानपुर रहने वाले थे और 1982 में मुंबई गये थे।

राजू श्रीवास्तव का स्वास्थ्य एक महीने से अधिक समय से खराब था और दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्‍हें एम्स में भर्ती किया गया था, जहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)