देश की खबरें | उप्र नगरीय निकाय चुनाव में तीन बजे तक पड़े औसतन 35 प्रतिशत वोट

लखनऊ, चार मई उत्तर प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में प्रदेश के नौ मंडलों के 37 जिलों में दोपहर तीन बजे तक औसतन करीब 35 प्रतिशत मतदान हुआ। एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।

प्रदेश के प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने मुरादाबाद और सहारनपुर समेत कई स्‍थानों पर पुलिस और प्रशासन पर मतदान में धांधली करने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से कार्रवाई की मांग की है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि पहले चरण के लिये मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और दोपहर तीन बजे तक औसतन 35.18 फीसद मतदान हुआ है।

चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक तीन बजे तक शामली जिले में 51.67 फीसद, महराजगंज में 50.92, श्रावस्‍ती में 50.57 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसके अलावा लखनऊ में 41.28, वाराणसी में 32.70 और प्रयागराज में 24.31 फीसद वोट पड़े हैं।

समाजवादी पार्टी (सपा) ने प्रदेश के मुरादाबाद और सहारनपुर जिलों में कई स्‍थानों पर मतदान में धांधली, मुस्लिम मतदाताओं को वोट देने से रोकने और पहचान पत्रों की जांच करने के नाम पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया है।

सपा के राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी सदस्‍य अरविंद कुमार सिंह ने राज्‍य निर्वाचन आयुक्‍त को लिखे पत्र में मुरादाबाद में पुलिस द्वारा पहचान पत्रों की जांच करने के नाम पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाते हुए आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्‍त कार्रवाई की मांग की। उन्‍होंने एक अन्‍य पत्र में गोरखपुर में वार्ड संख्‍या 39 पर मतदाता सूची से 100-100 मतदाताओं के नाम गायब होने का भी इल्‍जाम लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

निकाय चुनाव में वोट डालने वाली प्रमुख हस्तियों में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ, उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक और बहुजन समाज पार्टी अध्‍यक्ष मायावती शामिल रहीं। राजनाथ, मायावती और पाठक ने लखनऊ में जबकि मुख्‍यमंत्री योगी ने गोरखपुर में वोट डाला।

मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक हैंडल से किए गए ट्वीट में वोट डालने के बाद की अपनी तस्वीर टैग की। उन्होंने ट्वीट में कहा, "आज नगर निकाय चुनाव-2023 के लिए गोरखपुर में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान हमारा अधिकार होने के साथ ही प्रमुख कर्तव्य भी है। अपने नगर निकाय को और अधिक सशक्त करने के लिए आप भी मतदान अवश्य करें। भारत माता की जय!"

वोट डालने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा, "ईश्वर की कृपा है कि कितना सुहावना मौसम है। जनता नगरीय सरकार भी अच्छी चुने, मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें इसके लिए इसे मैं ईश्वर की विशेष कृपा मानता हूं। प्रदेश में राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी प्रकार की व्यवस्थाएं की हैं।"

बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष मायावती ने लखनऊ में वोट डाला। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "पहले चरण के तहत प्रदेश में चुनाव हो रहा है। हमारी पार्टी यह चुनाव अपने बलबूते पर पूरी तैयारी और दमदारी से लड़ रही है। हमें पूरा भरोसा है कि हमारी पार्टी को अच्छा नतीजा मिलेगा।"

पहले चरण में सहारनपुर, मुरादाबाद, आगरा, झांसी, प्रयागराज, लखनऊ, देवीपाटन, गोरखपुर और वाराणसी मंडल के 37 जिलों में वोट डाले जा रहे हैं। इन जिलों में 2.40 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल सकेंगे।

पहले चरण में नगर निगमों के 10 महापौर और 820 पार्षदों, 103 नगर पालिका परिषद अध्यक्षों, 2,740 नगर पालिका परिषद सभासदों, 275 नगर पंचायत अध्यक्षों और 3,645 नगर पंचायत सदस्यों समेत कुल 7,593 पदों के लिए 44 हजार से अधिक उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

आयोग के बयान के अनुसार नगर निगमों के 10 पार्षदों समेत कुल 85 प्रतिनिधि पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं।

अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले हो रहे नगर निकाय चुनावों को शहरी मतदाताओं के बीच राजनीतिक दलों के असर के आकलन की कसौटी माना जा रहा है।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक प्रदेश में दो चरणों में चार मई और 11 मई को नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान होगा और 13 मई को मतगणना होगी। नगर निगमों के महापौर और पार्षद पद के लिए मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से होगा, जबकि बाकी पदों के लिए मतदान मतपत्र से होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)