देश की खबरें | ओडिशा ट्रेन हादसा : प्रधानमंत्री मोदी ने बचाव दल के सदस्यों की सराहना की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा में हुई ट्रेन दुर्घटना के बाद बचाव कार्यों में लगे सदस्यों की शनिवार को सराहना की। उन्होंने लोगों के साहस और करुणा की भी प्रशंसा की।

नयी दिल्ली, तीन जून प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा में हुई ट्रेन दुर्घटना के बाद बचाव कार्यों में लगे सदस्यों की शनिवार को सराहना की। उन्होंने लोगों के साहस और करुणा की भी प्रशंसा की।

एक ट्वीट में, मोदी ने दुनिया के नेताओं के शोक संदेशों के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, “ओडिशा में हुए ट्रेन हादसे पर दुनिया के नेताओं के शोक संदेशों से बेहद अभिभूत हूं। संवेदनाओं से भरे उनके शब्द शोक संतप्त परिवारों को शक्ति देंगे। उनके समर्थन के लिए आभार।”

एक अन्य ट्वीट में, प्रधानमंत्री ने बचाव दल के सदस्यों और अन्य अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए कहा, “मैं रेलवे, एनडीआरएफ, ओडीआरएएफ, स्थानीय अधिकारियों, पुलिस, दमकल विभाग के अधिकारियों, स्वयंसेवकों और प्रत्येक व्यक्ति की सराहना करता हूं जो बिना थके वहां काम कर रहे हैं और बचाव कार्यों में मदद दे रहे हैं। उनके समर्पण पर गर्व है।”

उन्होंने कहा, “विपरीत परिस्थितियों में हमारे देश के लोगों द्वारा दिखाया गया साहस और करुणा वास्तव में प्रेरणादायक है। जैसे ही ओडिशा में ट्रेन दुर्घटना हुई, लोग बचाव कार्यों में मदद करने में जुट गए। कई लोग रक्तदान करने के लिए कतार में खड़े हो गए।”

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने ओडिशा के बालासोर जिले में दुर्घटना स्थल का दौरा किया। उन्होंने अस्पताल में कुछ घायलों से मुलाकात भी की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now