देश की खबरें | ओडिशा: केआईआईटी परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच स्थिति सामान्य हो रही है

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (केआईआईटी) में 20 वर्षीय नेपाली युवती द्वारा कथित रूप से आत्महत्या किए जाने के कुछ दिन बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और बृहस्पतिवार को परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच बड़ी संख्या में विद्यार्थी कक्षाओं में पहुंचे।

भुवनेश्वर, 20 फरवरी ओडिशा के कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (केआईआईटी) में 20 वर्षीय नेपाली युवती द्वारा कथित रूप से आत्महत्या किए जाने के कुछ दिन बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है और बृहस्पतिवार को परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच बड़ी संख्या में विद्यार्थी कक्षाओं में पहुंचे।

केआईआईटी परिसर में अशांति रविवार को शुरू हुई, जब 20 वर्षीय प्रकृति लामसाल ने कथित तौर पर फांसी लगा ली। घटना के मद्देनजर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद, निजी संस्थान के लगभग 1,000 नेपाली छात्रों को सोमवार को कथित तौर पर निलंबन नोटिस जारी किया गया और परिसर छोड़ने के लिए कहा गया।

इस बीच, पुलिस आयुक्त एस देव दत्त सिंह ने कहा कि 21 वर्षीय एक इंजीनियरिंग छात्र को तीन दिन की रिमांड पर लिया गया है, जिसे युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

उक्त छात्र को रविवार शाम यहां बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पकड़ा गया। उस पर ब्लैकमेल करने और गाली गलौच करने का आरोप है।

सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतका और आरोपी, दोनों के मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त कर लिए हैं और उन्हें फोरेंसिक प्रयोगशाला भेज दिया है। हालांकि सोमवार को संस्थान में कक्षाएं फिर से शुरू हो गईं, लेकिन बहुत कम छात्र आए।

इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में छात्र कक्षाओं में शामिल हुए क्योंकि पुलिस कर्मियों ने परिसर में कड़ी निगरानी की।

उन्होंने बताया कि जिन नेपाली विद्यार्थियों को परिसर छोड़ने के लिए कहा गया था, वे अभी तक लौटे नहीं हैं।

केंद्र और राज्य सरकार के हस्तक्षेप के बाद, केआईआईटी अधिकारियों ने माफी मांगी और नेपाली विद्यार्थियों से परिसर में लौटने का अनुरोध किया है।

ओडिशा सरकार ने भी युवती की मौत के कारणों तथा नेपाली विद्यार्थियों के साथ कथित दुर्व्यवहार की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\