देश की खबरें | ओडिशा: उम्मीदवारों की सूची के साथ दिल्ली रवाना हुए प्रदेश भाजपा प्रमुख
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच संभावित चुनाव पूर्व गठबंधन की अटकलों के बीच, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों की सूची को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के लिए सोमवार को नयी दिल्ली रवाना हुए।
भुवनेश्वर, 18 मार्च ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच संभावित चुनाव पूर्व गठबंधन की अटकलों के बीच, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों की सूची को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के लिए सोमवार को नयी दिल्ली रवाना हुए।
सामल के साथ ओडिशा भाजपा के संगठन सचिव मानस मोहंती भी दिल्ली गए हैं। सामल अपने साथ राज्य चुनाव समिति द्वारा तैयार की गई उम्मीदवारों की सूची भी ले गए। इस उद्देश्य के लिए राज्य चुनाव समिति की बैठक शनिवार को बुलाई गई थी।
ओडिशा के लिए भाजपा के चुनाव प्रभारी विजयपाल सिंह तोमर और सह-प्रभारी लता उसेंडी एक दिन पहले ही राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हुए थे।
विभिन्न लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की सूची पहले राज्य चुनाव समिति और कोर कमेटी द्वारा तैयार की गई थी।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद जुएल ओराम ने इस बात पर जोर दिया कि किसी भी संभावित गठबंधन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच कोई भ्रम नहीं है। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि प्रदेश की भाजपा इकाई ने संभावित उम्मीदवारों की एक सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी है और बीजद के साथ किसी भी संभावित गठबंधन के संबंध में केंद्रीय नेताओं के निर्णय के आधार पर आगे का कदम उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र के लिए उम्मीदवारों पर अंतिम निर्णय भाजपा संसदीय बोर्ड द्वारा किया जाएगा।
भाजपा ने हालांकि दो चरणों में विभिन्न राज्यों में लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है, लेकिन ओडिशा से अभी तक कोई उम्मीदवार घोषित नहीं किया गया है। राज्य नेतृत्व का अनुमान है कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा ओडिशा के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा तीसरे चरण में की जाएगी।
इस बीच, राज्य में सत्तारूढ़ बीजद ने उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री के आवास ‘नवीन निवास’ पर एक बैठक बुलाई।
बैठक में पुरी लोकसभा क्षेत्र के बीजद पर्यवेक्षक और पार्टी नेता उपस्थित थे, जिनमें अरुण साहू, संजय दास बर्मा, रुद्र महारथी, उमाकांत सामंत्रे और सत्य प्रधान शामिल हैं।
नवीन निवास में बैठक के बाद, साहू ने कहा, "हमने पुरी लोकसभा क्षेत्र के तहत सात विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की। नेताओं को पुरी लोकसभा सीट में जनसंपर्क कार्यक्रमों को सक्रिय करने के लिए कहा गया। यह पार्टी में एक नियमित घटना है।"
हालांकि, बीजद और भाजपा के बीच संभावित चुनाव पूर्व गठबंधन पर अनिश्चितता बनी हुई है। पांच मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राज्य दौरे के बाद से ही राज्य की राजनीति में गठबंधन को लेकर चर्चाएं जारी हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)