देश की खबरें | ओडिशा पुलिस ने पुलिसकर्मियों के हाथों बलात्कार की शिकार हुई किशोरी से माफी मांगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा पुलिस ने एक थाने के प्रभारी निरीक्षक समेत पुलिसकर्मियों के हाथों कथित रूप से बलात्कार की शिकार हुई एक नाबालिग लड़की से बुधवार को माफी मांगी।
भुवनेश्वर, एक जुलाई ओडिशा पुलिस ने एक थाने के प्रभारी निरीक्षक समेत पुलिसकर्मियों के हाथों कथित रूप से बलात्कार की शिकार हुई एक नाबालिग लड़की से बुधवार को माफी मांगी।
पुलिस ने बताया कि वीरमित्रपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक को 13 साल की इस लड़की से बलात्कार में उसकी कथित संलिप्तता को लेकर 26 जून को निलंबित कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार पुलिस महानिदेशक अभय ने उसे बुधवार को बर्खास्त कर दिया।
पुलिस महानिदेशक ने ट्वीट किया, ‘‘ उसका आचरण शर्मनाक है। किशोरी से हम क्षमायाचना करते हैं।’’
उन्होंने मंगलवार को अपराध शाखा को इस घटना की जांच करने का आदेश दिया।
अपराध शाखा की चार सदस्यीय टीम जांच के सिलसिले में सुंदरगढ जिले में वीरमित्रपुर और रैबोगा थाने गयी।
पुलिस के अनुसार निरीक्षक और कुछ अन्य पुलिसकर्मियों पर चार महीने तक इस लड़की के साथ बलात्कार करने का आरोप है जबकि एक सरकारी डॉक्टर पर वीरमित्रपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लड़की का गर्भपात करन का आरोप है।
सुंदरगढ़ के जिला बाल सुरक्षा अधिकारी द्वारा दर्ज करायी गयी शिकायत के अनुसार यह लड़की 25 मार्च को वीरमित्रपुर में एक मेला देखने गयी थी लेकिन लॉकडाउन के चलते यह कार्यक्रम रद्द कर दिया गया था। वह लड़की घर नहीं लौट पायी और गश्त कर रही एक पुलिस टीम को वह एक बस स्टैंड के पास भटकती मिली।
शिकायत के अनुसार उसे थाने लाया गया जहां निरीक्षक ने कथित रूप से उसके साथ बलात्कार किया। उसे अगली सुबह छोड़ दिया गया। उसके बाद उसे अक्सर थाने बुलाया जाता था और निरीक्षक समेत कुछ पुलिसकर्मी उसके साथ दुष्कर्म करते थे। लड़की गर्भवती हो गयी और फिर उसका गर्भपात किया गया।
प्राथमिकी में निरीक्षक, डॉक्टर और लड़की के सौतेले पिता समेत छह व्यक्तियों को आरोपी के रूप में नामजद किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)