देश की खबरें | ओडिशा : पटनायक ने बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को जनजातीय समुदाय से आने वाले स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

भुवनेश्वर, 15 नवंबर ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को जनजातीय समुदाय से आने वाले स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

पटनायक ने ट्वीट किया, “साहसी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और जनजातीय नेता शहीद बिरसा मुंडा को उनकी जयंती पर मेरी श्रद्धांजलि। उनकी वीरता और साहस भारत के स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में अनुकरणीय था। आदिवासियों के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।”

ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के राउरकेला में बन रहे भारत के सबसे बड़े हॉकी स्टेडियम का नाम आदिवासी नायक बिरसा मुंडा पर रखा गया है जिन्हें ‘धरती आबा’ (धरती पर भगवान) भी कहा जाता है। इस स्टेडियम में 2023 में पुरुषों का एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप मुकाबला होगा।

बिरसा मुंडा ने आदिवासियों को अंग्रेजों के खिलाफ एकजुट किया और औपनिवेशिक शासकों को आदिवासियों के भूमि अधिकारों की रक्षा करने वाले कानून लाने के लिए मजबूर किया था।

मुंडा का जन्म 15 नवंबर, 1875 को छोटानागपुर पठार में हुआ था जो अब झारखंड में है। उन्होंने 1895 के भीषण अकाल के दौरान वन बकाया की माफी के लिए अपना पहला विरोध मार्च आयोजित किया था।

ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन तथा धर्मांतरण गतिविधियों के खिलाफ आदिवासियों को लामबंद करने वाले बिरसा मुंडा की 1900 में रांची जेल में मृत्यु हो गई थी। उन्होंने तत्कालीन ब्रिटिश अधिकारियों द्वारा आदिवासियों के शोषण तथा भेदभाव के खिलाफ ‘उलगुलान’ आंदोलन की शुरुआत की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now