देश की खबरें | ओडिशा: ऑनलाइन पोंजी घोटाले के आरोप में तीन चीनी नागरिकों के खिलाफ ‘लुकआउट नोटिस’ जारी

भुवनेश्वर, चार सितंबर आव्रजन ब्यूरो ने ‘ऑनलाइन पोंजी’ घोटाले से जुड़े मामले में तीन चीनी नागरिकों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

ओडिशा अपराध शाखा की आर्थिक अपराध इकाई (ईओडब्ल्यू) ने ‘ऑनलाइन पोंजी’ घोटाले के सिलसिले में मामला दर्ज किया है।

अधिकारी ने बताया कि ईओडब्ल्यू के अनुरोध पर आव्रजन ब्यूरो ने घोटाले के सरगना गुआनहुआ वांग के करीबी माने जाने वाले लियू हुआन,वेनही झांग और शु शियालु के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है।

एक ईओडब्ल्यू अधिकारी ने बताया कि कुछ दिन पहले ऑनलाइन घोटाले के सिलसिले में चीन के हांगझोउ निवासी 40 वर्षीय वांग के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था।

उन्होंने बताया कि ईओडब्ल्यू ने ‘ऑनलाइन पोंजी घोटाले’ के सिलसिले में मामला दर्ज किया था, जिसमें बैंक खातों, फर्जी कंपनियों और क्रिप्टो-व्यापारियों के एक जटिल नेटवर्क का उपयोग करके भारत में निर्दोष लोगों से अरबों रुपये की धोखाधड़ी की गई।

अधिकारी ने बताया कि वांग अन्य तीन चीनी नागरिकों के साथ 2019 में भारत आया और कुछ महीनों तक बेंगलुरु में रुका। उन्होंने बताया कि आरोपी ने साइबर-वित्तीय धोखाधड़ी के लिए कम से कम 14 फर्जी कंपनियां बनाई।

अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में आरोपियों ने ‘ऋण ऐप' के जरिये धोखाधड़ी की, लेकिन इन पर प्रतिबंध लगने के बाद, उन्होंने धोखाधड़ी और कमाई के लिए सट्टा लगाने वाले ऐप का इस्तेमाल किया।

जांच के दौरान ईओडब्ल्यू को 85 से अधिक बैंक खातों का पता चला, जिनके जरिए 100 करोड़ रुपये का लेनदेन किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)