देश की खबरें | ओडिशा सरकार ने सरकारी अस्पतालों के ‘नर्सिंग’ कर्मियों के लिए परिधान नियमावली में किया बदलाव

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा सरकार ने ‘नर्सिंग’ सेवा के पुरूष एवं महिला कर्मियों की परिधान नियमावली में बदलाव करने का फैसला किया है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

भुवनेश्वर, 11 नवंबर ओडिशा सरकार ने ‘नर्सिंग’ सेवा के पुरूष एवं महिला कर्मियों की परिधान नियमावली में बदलाव करने का फैसला किया है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि भाजपा सरकार ने ‘नर्सिंग’ कर्मचारियों के लिए छह अलग-अलग ‘ड्रेस पैटर्न’ तय किए हैं, जिनमें अलग-अलग ‘रंग कोड’ होंगे। फिलहाल महिला ‘नर्सिंग’ कर्मचारी सफेद साड़ी या सफेद तहबंद वाला परिधान पहनती हैं।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा ‘नर्सिंग’ निदेशक को हाल ही में जारी पत्र के अनुसार, ‘नर्सिंग’ अधिकारी और वरिष्ठ ‘नर्सिंग’ अधिकारी (महिला) हल्की बैंगनी रंग की पोशाक पहनेंगी, जबकि सहायक ‘नर्सिंग’ अधीक्षक (एएनएस) अब सियान नीले रंग की पोशाक पहनेंगी।

इसी प्रकार, ‘डिप्टी नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट (डीएनएस)’ और ‘नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट (एनएस)’ के लिए परिधान का रंग सफेद होगा, तथा सफेद तहबंद के कॉलर-गर्दन वाले हिस्से का किनारा गहरे बैंगनी रंग का होगा।

सरकार के इस निर्णय के अनुसार, सभी ‘नर्सिंग’ कर्मचारियों (पुरुष और महिला दोनों) को अब आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर और प्रसव कक्ष जैसे अंदरूनी ड्यूटी करने के लिए ‘स्क्रब सूट’ पहनना होगा।

हालांकि, सामान्य वार्डों और आकस्मिक सेवाओं में लगे सभी पुरुष ‘नर्सिंग’ अधिकारी आवंटित परिधान (शर्ट) के साथ गहरे ‘नेवी ब्लू’ रंग के औपचारिक पतलून पहनेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\