देश की खबरें | ओडिशा में पिछले नौ महीनों में 20,060 लापता लोगों के मामले दर्ज किए गए: मुख्यमंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को विधानसभा में बताया कि जून 2024 से फरवरी 2025 के बीच राज्य में 20,060 लापता लोगों के मामले दर्ज किए गए हैं।
भुवनेश्वर, 17 मार्च ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को विधानसभा में बताया कि जून 2024 से फरवरी 2025 के बीच राज्य में 20,060 लापता लोगों के मामले दर्ज किए गए हैं।
कांग्रेस विधायक सोफिया फिरदौस के एक प्रश्न के लिखित उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुल मामलों में से 7,048 लोगों का पता लगा लिया गया है, जबकि 13,012 का पता नहीं चल पाया है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 12 जून, 2024 को राज्य में सत्ता में आई।
लंबित मामलों के समाधान में देरी के कारणों की जानकारी देते हुए माझी ने कई चुनौतियों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक कलंक, अज्ञानता या अन्य कारणों से अक्सर रिश्तेदार गुमशुदगी के मामले दर्ज कराने में देरी करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘बड़ी संख्या में मामले नाबालिग लड़कियों के भागने से जुड़े हैं, जहां वे अपने साथियों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा चलाए जाने के डर से पुलिस की नजरों से बचती हैं। कई मामलों में, परिवार और मुखबिर पुलिस को पूरी जानकारी देने में हिचकिचाते हैं, जिससे जांच में देरी होती है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग ने गुमशुदा बच्चों को खोजने और उनके परिवारों से मिलाने के लिए मिशन वात्सल्य पोर्टल शुरू किया है, लेकिन बाल कल्याण समितियों (सीडब्ल्यूसी) और बाल देखभाल संस्थानों (सीसीआई) द्वारा प्रासंगिक डेटा अपलोड करने में विफलता के कारण इसकी प्रभावशीलता में बाधा आ रही है।
मुख्यमंत्री ने पोर्टल में चेहरा पहचानने वाले सॉफ्टवेयर को एकीकृत करने की आवश्यकता पर बल दिया, जिससे बच्चों की पहचान करने और उन्हें उनके माता-पिता से मिलाने में मदद मिल सकेगी।
एक अलग लिखित उत्तर में माझी ने कहा कि पिछले आठ महीनों में विभिन्न थानों में कुल 1,35,074 मामले दर्ज किए गए, जिनमें सबसे अधिक मामले गंजाम जिले का है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि कानून और व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है तथा शांति बनाए रखने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)