जरुरी जानकारी | एनटीपीसी का दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 38 प्रतिशत बढ़कर 4,726 करोड़ रुपये पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली उत्पादक एनटीपीसी का चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 38 प्रतिशत बढ़कर 4,726.40 करोड़ रुपये हो गया। मुख्य रूप से राजस्व बढ़ने से कंपनी का लाभ बढ़ा है।

नयी दिल्ली, 28 अक्टूबर सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली उत्पादक एनटीपीसी का चालू वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 38 प्रतिशत बढ़कर 4,726.40 करोड़ रुपये हो गया। मुख्य रूप से राजस्व बढ़ने से कंपनी का लाभ बढ़ा है।

एनटीपीसी ने शनिवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना में कहा कि एक साल पहले समान अवधि में इसका शुद्ध लाभ 3,417.67 करोड़ रुपये था।

आलोच्य तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 45,384.64 करोड़ रुपये हो गई जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 44,681.50 करोड़ रुपये थी।

इस बीच एनटीपीसी के निदेशक मंडल ने 10 रुपये के अंकित मूल्य वाले इक्विटी शेयर पर 2.25 रुपये प्रति शेयर की दर से अंतरिम लाभांश देने का फैसला किया है। चालू वित्त वर्ष के इस लाभांश का भुगतान/ प्रेषण 23 नवंबर को किया जाएगा।

अप्रैल-सितंबर की अवधि में एनटीपीसी का औसत बिजली शुल्क 4.61 रुपये प्रति यूनिट था, जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 4.77 रुपये प्रति यूनिट था।

दूसरी तिमाही में एनटीपीसी का सकल बिजली उत्पादन बढ़कर 90.30 अरब यूनिट हो गया जो एक साल पहले की समान अवधि में 85.48 अरब यूनिट था।

सितंबर के अंत तक एनटीपीसी की स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता 73,824 मेगावाट थी।

कोयला आधारित ताप विद्युत संयंत्रों का क्षमता उपयोग एक साल पहले के 74.08 प्रतिशत से बढ़कर बीती तिमाही में 75.83 प्रतिशत हो गया।

दूसरी तिमाही में घरेलू कोयले की आपूर्ति 4.87 करोड़ टन से बढ़कर 5.41 करोड़ टन हो गई। वहीं आयातित कोयले की आपूर्ति 12.5 लाख टन रही, जो एक साल पहले 55 लाख टन थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\