देश की खबरें | नोएडा: पुलिस ने ‘फिटजी’ से संबंधित 380 खातों में लेनदेन रोकने के लिए बैंकों को पत्र लिखा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले शिक्षण संस्थान ‘फिटजी’ के कोचिंग सेंटर बंद होने के संबंध में दर्ज मामले की जांच में संस्थान से जुड़े 380 खातों का पता लगाया है और साथ ही इन खातों में लेनदेन रोकने के लिए बैंकों को पत्र लिखा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नोएडा (उप्र), चार फरवरी गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले शिक्षण संस्थान ‘फिटजी’ के कोचिंग सेंटर बंद होने के संबंध में दर्ज मामले की जांच में संस्थान से जुड़े 380 खातों का पता लगाया है और साथ ही इन खातों में लेनदेन रोकने के लिए बैंकों को पत्र लिखा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पिछले महीने ग्रेटर नोएडा निवासी सतसंग कुमार तथा मनोज कुमार की शिकायत पर नोएडा के सेक्टर-58 और ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाने में ‘फिटजी’ के मालिक डीके गोयल, मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) राजीव बब्बर, मुख्य संचालन अधिकारी (सीओओ) मनीष आनंद, ग्रेटर नोएडा शाखा के प्रमुख रमेश बटलेश समेत 12 लोगों के खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे।
इसके अलावा, गाजियाबाद के कवि नगर थाने में भी जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र शर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस उपायुक्त (नोएडा) रामबदन सिंह ने कहा, ‘‘जांच में शिक्षण संस्थान के 380 खातों की जानकारी मिली है। ये सभी खाते तीन निजी बैंकों में है जिनमें से एक निजी बैंक के पांच खातों में 60 लाख रुपये होने की जानकारी मिली है। सभी खातों में लेनदेन रोकने के लिए बैंकों को पत्र भेजा गया है।’’
उन्होंने बताया कि अन्य खातों में कितनी रकम है, इस बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सेक्टर-58 पुलिस ने ‘फिटजी’ के मालिक डीके गोयल समेत नौ लोगों को नोटिस दिया था जिनमें से कोचिंग सेंटर के एक पूर्व कर्मचारी के अलावा कोई और बयान दर्ज कराने नहीं आया।
पिछले महीने दिल्ली तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में फिटजी के कई केंद्र अचानक बंद हो गए और कई शिक्षकों ने महीनों से वेतन न मिलने के कारण इस्तीफा दे दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)