देश की खबरें | भारतीय क्षेत्र में म्यांमा की ओर से कोई अभियान या कार्रवाई नहीं हुई: सूत्र
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय रक्षा प्रतिष्ठान के सूत्रों ने ब्रिटिश मीडिया की एक खबर पर कहा है कि भारतीय क्षेत्र में न कोई अभियान हुआ और न ही कार्रवाई हुई।
नयी दिल्ली, 11 जनवरी भारतीय रक्षा प्रतिष्ठान के सूत्रों ने ब्रिटिश मीडिया की एक खबर पर कहा है कि भारतीय क्षेत्र में न कोई अभियान हुआ और न ही कार्रवाई हुई।
ब्रिटिश मीडिया की खबर में दावा किया गया है कि म्यांमा के लोकतंत्र समर्थक बलों पर सेना के ताजा हवाई हमलों के दौरान दो बम भारतीय क्षेत्र में गिरे हैं।
‘द गार्डियन’ ने प्रत्यक्षदर्शियों का हवाला देते हुए खबर दी कि दो बम भारतीय सीमावर्ती क्षेत्र में गिरे, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।
खबर में कहा गया है कि म्यांमा की सैन्य सरकार ने मंगलवार दोपहर को म्यांमा के चिन क्षेत्र में कैंप विक्टोरिया पर बमबारी शुरू की थी।
खबर के अनुसार विद्रोही कमांडर ने इसकी पुष्टि की है।
खबर में कहा गया है, “भारत की तरफ मिजोरम राज्य में स्थित फरकावन गांव में दो स्थानीय निवासियों ने कहा है कि सीमा के निकट भारत की ओर दो बम गिरे, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।”
उल्लेखनीय है कि एक फरवरी 2021 को म्यांमा की सेना ने तख्तापलट कर सत्ता हथिया ली थी और नोबेल पुरस्कार से सम्मानित आंग सान सू ची तथा उनकी पार्टी नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (एनएलडी) के अन्य नेताओं को हिरासत में लेने के बाद आपातकाल घोषित कर दिया था।
देश में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, जिनमें लोकतंत्र बहाल करने की मांग उठ रही है।
म्यांमा भारत के सामरिक पड़ोसियों में से एक है। दोनों देशों के बीच 1,640 किलोमीटर लंबी सीमा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)