देश की खबरें | कश्मीर में हड़ताल के आह्वान को अब कोई सुनने वाला नहीं: जितेंद्र सिंह
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोमवार को श्रीनगर में आयोजित जी-20 बैठक से इतर वहां मौजूद लोगों को बताया कि कश्मीर में बदलाव आया है और अब यहां हड़ताल का आह्वान सुनने वाला कोई नहीं है।
श्रीनगर, 22 मई केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोमवार को श्रीनगर में आयोजित जी-20 बैठक से इतर वहां मौजूद लोगों को बताया कि कश्मीर में बदलाव आया है और अब यहां हड़ताल का आह्वान सुनने वाला कोई नहीं है।
सिंह ने कहा, "अगर इस तरह का आयोजन पहले किया जाता था, तो इस्लामाबाद से हड़ताल का आह्वान होते ही श्रीनगर के रेजीडेंसी रोड (शहर के केंद्र में) की दुकानें बंद हो जाती थीं। अब यहां कोई हड़ताल नहीं होता है, भले ही इधर से हड़ताल का आह्वान किया जाए या उधर (पाकिस्तान) से।’’
उन्होंने, ‘आर्थिक और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए फिल्म पर्यटन’ पर चर्चा के दौरान जी-20 देशों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा, "यह बदलाव हुआ है। श्रीनगर के आम लोग अब आगे बढ़ना चाहते हैं। उन्होंने दो पीढ़ियों को (आतंकवाद के कारण) खो दिया है।"
यह आयोजन जी-20 की तीन-दिवसीय तीसरी 'पर्यटन कार्य समूह' बैठक का एक हिस्सा है।
राज्य मंत्री ने आशा व्यक्त की कि विदेशी प्रतिनिधि कश्मीर के राजदूत बनेंगे और घाटी के सकारात्मक स्थिति के बारे में दुनिया को बताएंगे।
उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि जब हमारे दोस्त (विदेशी प्रतिनिधि) वापस जाएंगे, तो वे हमारे राजदूत होंगे... और वे यहां की स्थिति और यह कैसा दिखता है, इस बारे में सबको बताएंगे।
उन्होंने कहा कि घाटी एक बार फिर फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रही है।
सिंह ने कहा कि कश्मीर को जहां बॉलीवुड से फायदा हुआ है, वहीं इसने फिल्म उद्योग को भी योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि घाटी फिल्मों की शूटिंग के लिए सब कुछ मुहैया कराती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)