देश की खबरें | संविधान बदलने का कोई प्रयास सफल नहीं होने देंगे : कांग्रेस नेता अविनाश पांडे

बस्ती, 28 अप्रैल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे ने सोमवार को आरोप लगाया कि देश का संविधान खतरे में है, क्योंकि इसकी अवमानना की जा रही है और विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है।

पांडे ने बस्ती में आयोजित ‘संविधान बचाओ रैली’ में कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संकल्प लिया है कि संविधान को बदलने के किसी भी प्रयास को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने कभी संविधान का सम्मान नहीं किया।

पांडे ने कहा कि भाजपा न्यायपालिका पर दबाव बनाती है, प्रशासनिक विभागों का दुरुपयोग करती है और अपनी तानाशाही रवैये से लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन करती है। उन्होंने कहा कि आज के इस दौर में लोकतंत्र को बचाने के लिए संविधान में विश्वास रखने वाला हर भारतीय इस तानाशाही निजाम का विरोध करे।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पक्ष और विपक्ष दोनों की ही बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है और सरकार की नीतियों में खामियां और जनता की समस्याओं व मुद्दों को उठाने का काम विपक्ष का है।

पांडे ने कहा कि दुर्भाग्य यह है कि मोदी सरकार विपक्ष को खत्म कर देना चाहती है और जनता की आवाज को पूरी तरह से दबा देना चाहती है मगर यह हम होने नहीं देंगे।

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने राज्य सरकार पर तीखा हमला करते हुए उस पर संवैधानिक मूल्यों को कुचलने का आरोप लगाया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)