पटना, 13 सितंबर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हिमाचल प्रदेश में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से हुए व्यापक नुकसान के बाद चलाए जा रहे राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए बुधवार को पांच करोड़ रुपये का योगदान भेजा है ।
नीतीश ने यह योगदान मुख्यमंत्री राहत कोष से दिया है।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को बुधवार को भेजे गए एक पत्र में नीतीश ने कहा, ‘‘मैं हिमाचल प्रदेश में वर्तमान मानसून सत्र के दौरान लगातार बारिश के कारण जानमाल की दुखद हानि और बड़े पैमाने पर संपत्तियों को हुए नुकसान से बेहद व्यथित और दुखी हूं।’’
पत्र में बिहार के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं सभी पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच करोड़ रुपये का योगदान भेज रहा हूं।’’
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राज्य में भारी बारिश से हुई तबाही को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का आग्रह किया था।
इस साल 24 जून को मानसून की शुरुआत से लेकर 12 सितंबर तक हिमाचल प्रदेश को 8679 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार बारिश से संबंधित घटनाओं में करीब 270 लोगों की मौत हो चुकी है ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY