देश की खबरें | नीतीश ने असम में चिमनी विस्फोट से बिहार के दो मजदूरों की मौत पर शोक व्यक्त किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने असम के कछार जिले में एक चिमनी विस्फोट में प्रदेश के खगड़िया जिले के बछौता गांव के रहने वाले दो मजदूरों की मौत होने पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
पटना/खगडिया, तीन दिसम्बर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने असम के कछार जिले में एक चिमनी विस्फोट में प्रदेश के खगड़िया जिले के बछौता गांव के रहने वाले दो मजदूरों की मौत होने पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
नीतीश ने इस हादसे में मारे गए बिहार के दोनों लोगों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रूपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने स्थानिक आयुक्त, नयी दिल्ली को निर्देश दिया है कि असम सरकार से आवश्यक समन्वय स्थापित कर मृतकों के पार्थिव शरीरों को उनके गांव पहुंचाने की समुचित व्यवस्था की जाए।
मुख्यमंत्री ने इस हादसे में घायल हुए प्रदेश के अन्य मजदूरों के समुचित इलाज की व्यवस्था किए जाने का निर्देश दिया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
खगडिया जिले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतकों में बछौता गांव निवासी मदनी पासवान (60) और उनके पुत्र सुनील कुमार (27) शामिल हैं।
इस हादसे में जख्मी उसी गांव के सुनील पासवान और बिरजू पासवान तथा बरिहायी गांव के ब्रजेश और गोरख पासवान को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खगडिया के जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने बताया कि वह मृतकों के शवों को यहां लाए जाने के लिए वहां के प्रशासन से संपर्क में हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)