देश की खबरें | महिला कांस्टेबल को शादी का झांसा दे कर ठगने के आरोप में नाइजीरियाई व्यक्ति गिरफ्तार

नोएडा (उप्र),27मई नोएडा की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर असम राइफल्स की एक महिला कांस्टेबल से 60 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में नाइजीरिया के एक नागरिक को शुक्रवार को गिरफ्तार किया।

उत्तर प्रदेश के साइबर क्राइम विभाग के पुलिस अधीक्षक प्रोफेसर त्रिवेणी सिंह ने बताया कि असम राइफल्स में तैनात एक महिला कांस्टेबल ने सेक्टर 36 स्थित साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि एक मेट्रीमोनियल साइट पर शादी के लिए उसने प्रोफाइल बनाया था, उसके बाद एक व्यक्ति ने उसे फोन किया तथा खुद को भारतीय मूल का कनाडाई नागरिक बताकर उसके सामने शादी का प्रस्ताव रखा।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के अनुसार कांस्टेबल और उस युवक के बीच बातचीत होने लगी और दोनों शादी के लिए तैयार हो गए। इस दौरान तीन माह में युवक ने महिला से अगल अगल बहाने बनाकर 60लाख रुपये ले लिए।

उन्होंने बताया कि घटना की जांच कर रही साइबर क्राइम थाने की प्रभारी रीता यादव, उप निरीक्षक शैलेंद्र प्रताप सिंह आदि ने इस मामले में नाइजीरिया व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि वह दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में रह रहा था और बिजनेस वीजा पर भारत आया था और युवतियों के पैसे ऐंठ रहा है।

पुलिस ने उसके पास से लैपटॉप, सात मोबाइल फोन, वाईफाई का डोंगल आदि बरामद किया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि उक्त आरोपी कई युवतियों को अपने जाल में फंसा कर उनके साथ ठगी कर चुका है।

मामले की जांच चल रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)