देश की खबरें | एनआईए ने 'धन जुटाने' में शामिल नक्सली संगठन के प्रमुख सदस्य के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने झारखंड में एक प्रतिबंधित नक्सली संगठन को पुनर्जीवित करने के लिए धन जुटाने के आरोप में संगठन के एक प्रमुख सदस्य के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है। सोमवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई।
नयी दिल्ली, 30 जून राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने झारखंड में एक प्रतिबंधित नक्सली संगठन को पुनर्जीवित करने के लिए धन जुटाने के आरोप में संगठन के एक प्रमुख सदस्य के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है। सोमवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान के मुताबिक, बच्चा सिंह उर्फ बच्चा बाबू सिंह उर्फ मुकेश उर्फ मू के खिलाफ झारखंड के रांची की एक अदालत में पूरक आरोप पत्र दायर किया गया।
एनआईए की जांच में पता चला कि इस साल जनवरी में गिरफ्तार किया गया बच्चा सिंह उस समय मजदूर संगठन समिति (एमएसएस) का महासचिव था, जो झारखंड सरकार द्वारा प्रतिबंधित एक अवैध संगठन है।
बयान के अनुसार, ‘‘आगे की जांच में सामने आया कि बच्चा भाकपा (माओवादी) और उसके शीर्ष नेताओं के साथ सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ था। वह झारखंड और अन्य जगहों पर नक्सली संगठन का विस्तार करने और उसे मजबूत बनाने के मकसद से धन इकट्ठा करने और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल था।’’
बयान में कहा गया है कि मूल रूप से जुलाई 2022 में प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के तीन नक्सली कूरियर/कैडर के खिलाफ दर्ज मामले में आरोप पत्र दायर किया गया है, जिन्हें झारखंड के चाईबासा के आनंदपुर पुलिस थाने में आपत्तिजनक पत्रों की जब्ती के बाद गिरफ्तार किया गया था।
अगस्त 2023 में जांच का जिम्मा संभालने वाली एनआईए ने बच्चा सिंह समेत कुल नौ आरोपियों के खिलाफ फिर से मामला दर्ज किया। आरोपियों में से एक लाजिम अंसारी की जून 2023 में पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)