देश की खबरें | ‘होली मास’ की प्रक्रिया पर गतिरोध के बीच सेंट मैरी कैथेड्रल बेसिलिका में नए पादरी नियुक्त
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. फादर एंटनी पुथावेलिल ने शनिवार को साइरो-मालाबार चर्च आर्कडियोज से संबंधित प्रमुख चर्च सेंट मैरी कैथेड्रल बेसिलिका के पादरी के रूप में कार्यभार संभाला।
कोच्चि, 19 अगस्त फादर एंटनी पुथावेलिल ने शनिवार को साइरो-मालाबार चर्च आर्कडियोज से संबंधित प्रमुख चर्च सेंट मैरी कैथेड्रल बेसिलिका के पादरी के रूप में कार्यभार संभाला।
बेसिलिका में पादरियों और ईसाई मतावलंबियों का एक वर्ग समान तरीके से ‘होली मास’ मनाने के लिए सिनोड (धर्मसभा) के निर्देश का विरोध कर रहा है।
पुथावेलिल ने ऐसे वक्त कार्यभार संभाला है, जब चर्च आर्कडियोज (चर्च का अधिकार क्षेत्र) के 300 से अधिक पादरियों ने शुक्रवार को कहा था कि वे सिनोड द्वारा निर्धारित समान तरीके से ‘होली मास’ मनाने के लिए पोप के एक प्रतिनिधि के निर्देश को स्वीकार नहीं कर सकते हैं।
पदभार संभालने के कार्यक्रम के चलते कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। सिनोड की ओर से समान तरीके से ‘होली मास’ के आयोजन को लेकर निर्देश के कारण विवाद के बाद यह चर्च महीनों से बंद था। पुथावेलिल के रविवार को समान तरीके से ‘होली मास’ आयोजित करने की उम्मीद है।
पुथावेलिल ने कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से कहा, ‘‘मैं उथल-पुथल के समय में यह बड़ी जिम्मेदारी संभाल रहा हूं। मुझे नहीं लगता कि मैं अकेले अपनी जिम्मेदारियां पूरी कर सकता हूं। मेरा मानना है कि हमें पादरियों और मतावलंबियों के धैर्यपूर्ण सहयोग की आवश्यकता है।’’
पोप के प्रतिनिधि आर्कबिशप सिरिल वासिल ने हाल में एर्नाकुलम-अंगामाली आर्कपर्ची में पादरियों को संबोधित करते हुए सख्त निर्देश जारी किया था, जिसमें उन्हें 20 अगस्त से सिनोड अनुमोदित ‘होली मास’ का पालन करने को कहा गया था। वासिल ने कहा था कि जो लोग साइरो-मालाबार चर्च सिनोड के फैसले का विरोध करेंगे, उन्हें दंड दिया जाएगा।
साइरो-मालाबार कैथोलिक चर्च पोप के साथ पूर्ण सहभागिता वाले 22 इस्टर्न ओरिएंटल चर्च में से एक है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)