देश की खबरें | न्यू जलपाईगुड़ी-ढाका के बीच मिताली एक्सप्रेस सेवा शुरू

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत और बांग्लादेश के बीच रेल सेवा को और आगे बढ़ाते हुए बुधवार को न्यू जलपाईगुड़ी तथा ढाका के बीच चलने वाली मिताली एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया गया।

न्यू जलपाईगुड़ी (पश्चिम बंगाल),एक जून भारत और बांग्लादेश के बीच रेल सेवा को और आगे बढ़ाते हुए बुधवार को न्यू जलपाईगुड़ी तथा ढाका के बीच चलने वाली मिताली एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया गया।

उत्तर पूर्व फ्रंटियर रेलवे (एनएफआर) के अधिकारी ने यह जानकारी दी।

दोनों देशों के बीच मैत्री और बंधन एक्सप्रेस ट्रेन पहले से ही चल रही हैं। ये ट्रेन कोलकाता से ढाका और खुलना स्टेशनों के बीच संचालित हो रही हैं।

एनएफआर के प्रवक्त सब्यसाची डे ने कहा, ‘‘भारतीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उनके बांग्लादेशी समकक्ष मोहम्मद नूरुल इस्लाम सुजान ने बुधवार को सुबह नौ बजकर 20 मिनट पर मिताली एक्सप्रेस को ऑनलाइन हरी झंडी दिखा कर रवाना किया।’’

उन्होंने बताया कि यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी। रविवार और बुधवार को यह यहां से दिन में 11 बजकर 45 मिनट पर रवाना होगी,वहीं ढाका से यह सोमवार और बृहस्पतिवार को रात नौ बजकर 15 मिनट पर चलेगी।

यह पूरी तरह से वातानुकूलित है और इसमें चार चेयर कार और चार स्लीपर कोच हैं।

एनएफआर के महाप्रबंधक अंशुल गुप्ता उद्घाटन के मौके पर न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि नयी ट्रेन सेवा से बांग्लादेश और उत्तर पश्चिमी बंगाल के बीच पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

स्थानीय सांसद जयंत रॉय ने कहा कि ट्रेन सेवा से यात्रा कारोबार से जुड़े लोगों की लंबित मांग पूरी होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now