देश की खबरें | नयी दिल्ली ग्रां प्री में आकर्षण का केंद्र होंगी तीन बार की पैरालंपिक चैंपियन वेनेसा लोव

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. तीन बार की पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता और गत विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की लंबी कूद की खिलाड़ी वेनेसा लोव मंगलवार से यहां शुरू हो रही विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री में आकर्षण का केंद्र होंगी।

नयी दिल्ली, 10 मार्च तीन बार की पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता और गत विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया की लंबी कूद की खिलाड़ी वेनेसा लोव मंगलवार से यहां शुरू हो रही विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री में आकर्षण का केंद्र होंगी।

चौंतीस साल की वेनेसा ने 2016 रियो खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद 2021 तोक्यो और 2024 पेरिस पैरालंपिक की लंबी कूद टी63 स्पर्धा में भी शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने 2019 और 2024 विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी टी63 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

वेनेसा 2024 पेरिस पैरालंपिक में 5.45 मीटर के प्रयास के साथ मौजूदा विश्व रिकॉर्ड धारक भी हैं।

वेनेसा ने 2019 में ऑस्ट्रेलिया का रुख करने से पहले लंदन 2012 और रियो 2016 में जर्मनी का प्रतिनिधित्व किया था। उनके शानदार करियर में आठ विश्व चैंपियनशिप पदक और वैश्विक मंच पर कई ऐतिहासिक प्रदर्शन शामिल हैं।

जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाली तीन दिवसीय प्रतियोगिता में वेनेसा सहित 250 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

भारत इस प्रतियोगिता में 150 प्रतिभागियों को मैदान में उतार रहा है जिसमें 2024 पेरिस पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता प्रवीण कुमार (ऊंची कूद, टी64), नवदीप (भाला फेंक, एफ41), धरमबीर (क्लब थ्रो, एफ51) और राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियन रवि रंगोली भी शामिल हैं।

हाल में संपन्न दुबई ग्रां प्री में 14 पदक (पांच स्वर्ण, छह रजत और तीन कांस्य) जीतने वाला भारत इस प्रतियोगिता में बड़े हुए आत्मविश्वास के साथ उतरेगा।

प्रवीण ने कहा, ‘‘ऐसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में घरेलू दर्शकों के सामने प्रतिस्पर्धा करना बेहद खास है। नयी दिल्ली में आयोजित ग्रां प्री भारत में पैरा एथलेटिक्स के लिए एक बड़ा कदम है और मैं अपने समर्थकों के लिए शानदार प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक हूं।’’

धरमबीर ने कहा, ‘‘यह भारत में पैरा एथलेटिक्स के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है। अपने देश में ग्रां प्री का आयोजन एक सपने के सच होने जैसा है और यह हमें भविष्य की वैश्विक प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करता है।’’

प्रतियोगिता में 90 से अधिक स्पर्धाएं होंगी जिसमें 20 देशों के शीर्ष पैरा एथलीट हिस्सा लेंगे।

प्रतिभागियों में सऊदी अरब, जर्मनी, कजाखस्तान, उज्बेकिस्तान, फिलिपींस, जापान, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, नेपाल, भूटान और श्रीलंका के खिलाड़ी शामिल हैं।

हाल ही में संपन्न फाजा पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री 2025 में 21 पदक हासिल करने के बाद यूएई मजबूत टीम के साथ यहं आया है और वह उस सफलता को और आगे बढ़ाना चाहेगा।

एशियाई पैरा खेल 2022 में आठ स्वर्ण सहित कुल 41 पदक जीते वाला कजाखस्तान एक बार फिर ठोस प्रदर्शन करना चाहेगा।

यह ग्रां प्री इस साल के अंत में होने वाली विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप सहित प्रमुख अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण प्रतियोगिता साबित हो सकती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\