देश की खबरें | एनसीएससी ने विवादास्पद विज्ञापन के लिए जोमैटो को नोटिस भेजा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) ने रेस्तरां एग्रीगेटर जोमैटो को उस विवादास्पद विज्ञापन के लिए नोटिस जारी किया है, जिसमें फिल्म ‘लगान’ में कचरा नामक एक दलित व्यक्ति का किरदार निभाने वाले अभिनेता आदित्य लखिया को पुनर्चक्रित कचरे से बनी वस्तुओं के रूप में दिखाया गया है।
नयी दिल्ली, 13 जून राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) ने रेस्तरां एग्रीगेटर जोमैटो को उस विवादास्पद विज्ञापन के लिए नोटिस जारी किया है, जिसमें फिल्म ‘लगान’ में कचरा नामक एक दलित व्यक्ति का किरदार निभाने वाले अभिनेता आदित्य लखिया को पुनर्चक्रित कचरे से बनी वस्तुओं के रूप में दिखाया गया है।
एनसीएससी ने दिल्ली पुलिस आयुक्त और यूट्यूब के स्थानीय शिकायत अधिकारी को भी मामले की जांच करने को कहा है।
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर पांच जून को यह विज्ञापन प्रसारित किया गया था, जिसमें कचरे और ‘कचरा’ के चरित्र के बीच एक समानता दिखाई गई थी।
लगभग दो मिनट के विज्ञापन में, लखिया को एक लैंप, पेपर, पेपरवेट, वाटरिंग कैन और विभिन्न प्रकार के जैकेट के रूप में चित्रित किया गया है और साथ ही दर्शाया गया है कि प्रत्येक आइटम को बनाने के लिए कितने पुनर्चक्रित ‘कचरे’ का उपयोग किया गया था।
आयोग ने अपने नोटिस में जोमैटो से विज्ञापन और उसके विवरण पर स्पष्टीकरण मांगा है।
आयोग ने दिल्ली पुलिस आयुक्त के साथ-साथ यूट्यूब के स्थानीय शिकायत अधिकारी से मामले की जांच करने और पोस्ट या ईमेल के माध्यम से तुरंत कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
एनसीएससी के अध्यक्ष विजय सांपला ने अधिकारियों को आगाह किया कि यदि निर्धारित समय के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट प्राप्त नहीं होती है, तो आयोग भारत के संविधान के अनुच्छेद 338 के तहत प्रदत्त दीवानी अदालत की शक्तियों का प्रयोग कर सकता है और दिल्ली में उसके समक्ष व्यक्तिगत उपस्थिति के लिए समन जारी कर सकता है।
विज्ञापन के जातिवादी होने संबंधी आलोचनाओं के बाद जोमैटो ने उक्त विज्ञापन को हटा दिया था। कंपनी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से माफी मांगी थी और कहा था कि इरादा ‘प्लास्टिक कचरे की क्षमता और हास्यपूर्ण तरीके से पुनर्चक्रण के लाभों के बारे में जागरूकता फैलाना’ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)