देश की खबरें | राकांपा नेता अनिल देशमुख एंजियोग्राफी के लिए मुंबई के अस्पताल में भर्ती
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. धनशोधन के एक मामले में आरोपी महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को शुक्रवार को हृदय धमनी की एंजियोग्राफी के लिए मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुंबई, 14 अक्टूबर धनशोधन के एक मामले में आरोपी महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को शुक्रवार को हृदय धमनी की एंजियोग्राफी के लिए मुंबई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता देशमुख (71) को पिछले साल नवंबर में धन शोधन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार किया था और बंबई उच्च न्यायालय ने हाल ही में उन्हें जमानत दी थी।
हालांकि, वह केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा जांच किए जा रहे भ्रष्टाचार के एक मामले के संबंध में न्यायिक हिरासत में है। वह शहर के आर्थर रोड जेल में बंद है।
भ्रष्टाचार मामले में राकांपा के वरिष्ठ नेता की जमानत याचिका पर एक विशेष अदालत सुनवाई कर रही है।
अदालत ने 10 अक्टूबर को यहां जसलोक अस्पताल में एंजियोग्राफी करवाने की अनुमति मांगने वाली उनकी याचिका को स्वीकार कर लिया था।
सूत्रों के अनुसार, उन्हें तब अस्पताल में भर्ती नहीं किया जा सका था क्योंकि जेल अधिकारियों को आदेश के बारे में सूचना नहीं मिली थी।
सूत्रों ने बताया कि उन्हें शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अदालत ने देशमुख के साथ अस्पताल में उनकी बेटी और पत्नी को रहने की अनुमति दी है।
हालांकि, अदालत ने देशमुख को इस दौरान स्वतंत्रता का दुरुपयोग नहीं करने का निर्देश दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)