देश की खबरें | नौसेना प्रमुख एडमिरल कुमार मंगलवार से चार दिवसीय यात्रा पर श्रीलंका जाएंगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार मंगलवार से चार दिवसीय यात्रा पर श्रीलंका जाएंगे, जिसका लक्ष्य चीन द्वारा द्वीपीय देश पर अपना प्रभाव बढ़ाने के लगातार प्रयासों के बीच भारत-श्रीलंका के बीच द्विपक्षीय समुद्री सहयोग को बढ़ावा देना है।
नयी दिल्ली, 12 दिसंबर नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार मंगलवार से चार दिवसीय यात्रा पर श्रीलंका जाएंगे, जिसका लक्ष्य चीन द्वारा द्वीपीय देश पर अपना प्रभाव बढ़ाने के लगातार प्रयासों के बीच भारत-श्रीलंका के बीच द्विपक्षीय समुद्री सहयोग को बढ़ावा देना है।
गौरतलब है कि नौसेना प्रमुख की इस यात्रा से महज चार महीने पहले ही चीन का एक जासूसी जहाज श्रीलंका के हम्बनटोटा बंदरगाह पर रुका था, जिसे लेकर भारत-श्रीलंका के बीच कूटनीतिक विवाद हो गया था।
नौसेना ने कहा, ‘‘भारतीय नौसेना के प्रमुख एडमिरल आर. हरि कुमार 13 से 16 दिसंबर तक श्रीलंका की यात्रा पर जाएंगे।’’
गौरतलब है कि श्रीलंका के त्रिन्कोमाली में स्थित ‘नेवल एंड मैरीटाइम अकादमी (एनएमए) के पासिंग आउट परेड में मुख्य अतिथि और समीक्षा अधिकारी के रूप में शामिल होने के लिए नौसेना प्रमुख कुमार को आमंत्रित किया गया है।
नौसेना ने एक बयान में कहा, ‘‘यात्रा के दौरान नौसेना प्रमुख श्रीलंका के वरिष्ठ राजनीतिक और रक्षा अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। वह श्रीलंका के अन्य रक्षा प्रतिष्ठानों का भी दौरा करेंगे और विभिन्न द्विपक्षीय रक्षा सहयोग गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।’’
नौसेना के अनुसार, इस यात्रा से श्रीलंका के साथ लंबे समय से चला आ रहा रक्षा सहयोग, विशेष रूप से समुद्री रक्षा सहयोग और मजबूत होगा।
भारतीय नौसेना वार्षिक स्टाफ वार्ता और अन्य तरीकों से समय-समय पर श्रीलंका की नौसेना से बातचीत करती रहती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)