भुवनेश्वर, छह जुलाई ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को तिब्बती आध्यात्मिक नेता दलाईलामा को उनके 85 वें जन्मदिन पर बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक ट्विटरहैंडल पर दलाईलामा के साथ अपनी तस्वीर साझा की।
पटनायक ने ट्वीट किया, ‘‘ श्रद्धेय दलाईलामा को जन्मदिन की शुभकामनाएं। आपका स्वास्थ्य उत्तम रहे और आप दीर्घायु हों तथा आप दुनिया में प्रेम, करूणा एवं शाति का प्रसार करते रहें।’’
हाल ही में दलाईलामा ने पटनायक और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र भेजकर इन दोनों राज्यों में मई में चक्रवात अम्फान से हुए जानमाल की क्षति पर सहानुभूति प्रकट की थी।
दलाईलामा 1959 में तिब्बत से आने के बाद से भारत में रह रहे हैं। निर्वासित तिब्बत सरकार भारत से अपना शासन चलाती है और देश में 1,60,000 से अधिक तिब्बती रहते हैं।
तिब्बती आध्यात्मिक नेता कई बार ओडिशा जा चुके है। नवंबर, 2017 में उन्होंने पटनायक से मुलाकात की थी।
ओडिशा के गजपति जिले के चंद्रगिरि में तिब्बतियों की एक बस्ती है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY