खेल की खबरें | नटराज और देसिंघु ने नौ-नौ स्वर्ण पदक के साथ खत्म किया अभियान, तैराकी में कर्नाटक का दबदबा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के स्टार तैराक श्रीहरि नटराज और धीनिधि देसिंघु ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में अपने अभियान को मंगलवार को नौ-नौ स्वर्ण के साथ समाप्त किया जिससे इस खेल में कर्नाटक का दबदबा बरकरार रहा।
हलद्वानी, चार फरवरी कर्नाटक के स्टार तैराक श्रीहरि नटराज और धीनिधि देसिंघु ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में अपने अभियान को मंगलवार को नौ-नौ स्वर्ण के साथ समाप्त किया जिससे इस खेल में कर्नाटक का दबदबा बरकरार रहा।
कर्नाटक ने राष्ट्रीय खेलों की तैराकी स्पर्धा से 22 पदक हासिल किये।
चौदह साल की देसिंघु ने महिलाओं की 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में 57.34 सेकंड के इन खेलों के रिकॉर्ड समय के साथ पीला तमगा हासिल किया। उन्होंने 2023 गोवा में दर्ज 57.87 सेकंड के अपने पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार किया। नटराज ने पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा को 50.65 सेकंड के समय के अपने नाम किया।
पेरिस ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके देसिंघु और नटराज ने इसके बाद मिश्रित 4 गुणा 100 मीटर मेडले में चार मिनट और 3.91 सेकंड के समय के साथ कर्नाटक को स्वर्ण जीतने में मदद की।
देसिंघु ने हालांकि पदकों की कुल संख्या के मामले में राज्य के अपने अनुभवी साथी को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने इन खेलों में नौ स्वर्ण सहित कुल 11 पदक जीते।
इससे पहले उन्होंने सात स्वर्ण (400 मीटर फ्रीस्टाइल, मिश्रित चार गुणा 100 मीटर फ्रीस्टाइल, 200 मीटर फ्रीस्टाइल, 100 मीटर बटरफ्लाई, चार गुणा 100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले और 50 मीटर फ्रीस्टाइल और चार गुणा 200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले), एक रजत (50 मीटर बटरफ्लाई) और एक कांस्य (चार गुणा 100 मीटर रिले मेडले) जीता था।
चौबीस साल के नटराज ने 10 पदकों के साथ अभियान समाप्त किया। इससे पहले उन्होंने सात स्वर्ण 50 मीटर बैकस्ट्रोक, मिश्रित चार गुणा 100 मीटर फ्रीस्टाइल, 200 मीटर फ्रीस्टाइल, चार गुणा 100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले, चार गुणा 100 मीटर फ्रीस्टाइल रिले मेडले, चार गुणा 200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले और 100 मीटर बैकस्ट्रोक में हासिल किये। उन्होंने एक रजत (50 मीटर फ्रीस्टाइल) भी जीता।
नटराज और देसिंघु के खेलों का सर्वश्रेष्ठ पुरुष और महिला एथलीट बनने की उम्मीद है। नटराज ने गोवा खेलों (2023) में आठ स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य हासिल किया था।
कर्नाटक के लिए दिन का चौथा स्वर्ण विदिथ एस शंकर ने जीता। उन्होंने पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में एक मिनट और 3.97 सेकंड के समय के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।
शंकर उस कर्नाटक टीम का भी हिस्सा थे जिसने मिश्रित चार गुणा 100 मीटर मेडले में स्वर्ण पदक जीता था। इस टीम की चौथी सदस्य नायशा शेट्टी थीं।
कर्नाटक ने मंगलवार को एकमात्र स्पर्धा में स्वर्ण नहीं जीता जो महिलाओं की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक थी जिसमें केरल की हर्षिता जयराम ने एक मिनट और 14.34 सेकंड के समय के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।
कुल मिलाकर, कर्नाटक ने तैराकी में 37 पदक (22 स्वर्ण, 10 रजत, पांच कांस्य) जीते। महाराष्ट्र पांच स्वर्ण, 11 रजत और 12 कांस्य के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
आनन्द सुधीर
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)