अगरतला, पांच मार्च भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा त्रिपुरा में नौ मार्च को अपनी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार के दूसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर एक रैली को संबोधित करेंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्य ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा नौ मार्च को यहां स्वामी विवेकानंद मैदान में एक बड़ी रैली के साथ सत्ता में अपने दूसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा तथा मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा अन्य नेताओं के साथ रैली को संबोधित करेंगे।’’
भट्टाचार्य ने कहा कि रैली में भाजपा नीत दूसरी सरकार की पिछले दो साल की उपलब्धियों की सूची जनता के सामने पेश की जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘रैली को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए वरिष्ठ मंत्री रतनलाल नाथ की अध्यक्षता में नौ सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। रैली को सफल बनाने के लिए मंत्री, विधायक और अन्य नेता अपने-अपने क्षेत्रों में काम कर रहे हैं।’’
राज्यसभा सदस्य भट्टाचार्य ने कहा कि पार्टी लोगों को भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा किए गए अच्छे कार्यों के बारे में जागरूक करने के लिए जिले से बूथ स्तर तक ऐसी रैलियां आयोजित करने की योजना बना रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY