देश की खबरें | मुंबई वर्षा: शिंदे ने अव्यवस्था के लिए समयपूर्व मानसून एवं कम समय में अधिक वर्षा को जिम्मेदार ठहराया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के समय से पहले आने और कम समय में भारी बारिश के कारण मुंबई के निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे सड़क और रेल यातायात बाधित हो गया।

मुंबई, 26 मई महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के समय से पहले आने और कम समय में भारी बारिश के कारण मुंबई के निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे सड़क और रेल यातायात बाधित हो गया।

उन्होंने पत्रकारों से कहा कि शहर के कुछ हिस्सों में 12 घंटों में 200 मिमी से अधिक बारिश हुई।

उन्होंने कहा कि दक्षिण मुंबई के नरीमन प्वाइंट जैसे इलाकों में 12 घंटों में 252 मिमी बारिश हुई, बीएमसी मुख्यालय में 216 मिमी और कोलाबा पंपिंग स्टेशन पर 207 मिमी बारिश हुई।

शिंदे ने कहा, ‘‘बारिश की तीव्रता की दृष्टि से यह बादल फटने जैसा था। इन स्थानों पर 50-55 मिमी बारिश होने की संभावना रहती है।’’

बीएमसी की कड़ी आलोचना होने के बीच उन्होंने कहा कि मानसून शहर में 15 दिन पहले (सामान्य शुरुआत) पहुंच गया।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद थी कि (मानसून से पहले नालियों से गाद निकालने का) काम 10 जून तक पूरा हो जाएगा और हमने उसी हिसाब से काम की योजना बनाई। यह सच है कि बारिश जल्दी आ गई और इससे अव्यवस्था फैल गई।’’

मुंबई में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन की सामान्य तिथि 11 जून है, लेकिन इस वर्ष यह 26 मई को मुंबई पहुंचा।

शिंदे ने कहा, ‘‘हमें पता है कि छह जून के बाद बारिश होगी और उसी के अनुसार तैयारियां की गई हैं। हम इस बात से इनकार नहीं करते कि कुछ चीजें हुई हैं। (निचले इलाकों में) पंप पूरी ताकत से काम करेंगे।’’

शहरी विकास मंत्री और मुंबई शहर के प्रभारी मंत्री शिंदे ने कहा कि नालों (प्रमुख नालों) की सफाई का काम जारी है। उन्होंने कहा कि हिंदमाता, मिलन सबवे, अंधेरी, घाटकोपर और सायन जैसे निचले इलाकों से पानी निकाल दिया गया है।

उन्होंने कहा कि व्यवस्था सतर्क है और बीएमसी तथा राज्य सरकार इस बात का ध्यान रखेगी कि लोग कम प्रभावित हों।

शिवसेना (उबाठा) के नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बीएमसी कभी भी इतनी खतरनाक स्थिति में नहीं रही।

ठाकरे ने कहा कि अगर बीएमसी भाजपा के नियंत्रण में चली गई तो तस्वीर ऐसी ही होगी।

ठाकरे ने शिंदे पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘मुंबई में इस मौसम की यह पहली बारिश नहीं है। हम पिछले दो महीनों से नालों की सफाई के लिए कह रहे हैं। ...वह व्यक्ति कहां है, जो खुद को दूरदर्शी और बुनियादी ढांचागत क्षेत्र का व्यक्ति कहता है।’’

वरिष्ठ कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा कि महायुति सरकार के लापरवाह शासन के कारण मुंबई जलमग्न हो गई।

राकांपा (एसपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने भी सत्तारूढ़ गठबंधन पर निशाना साधा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now