देश की खबरें | मुंबई पुलिस को दो दिन में दूसरी बार फोन कर धमकी दी गई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई पुलिस को मंगलवार को फोन कर कहा गया कि शहर में एक बम लगा दिया गया है। पुलिस को दो दिन में दूसरी बार ऐसी कॉल आयी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मुंबई, 18 जुलाई मुंबई पुलिस को मंगलवार को फोन कर कहा गया कि शहर में एक बम लगा दिया गया है। पुलिस को दो दिन में दूसरी बार ऐसी कॉल आयी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इस तरह की एक कॉल सोमवार को भी आई थी जो बाद में फर्जी पाई गई थी। पाकिस्तानी महिला सीमा हैदर के अपने वतन नहीं लौटने पर आतंकवादी हमला करने को लेकर मिली धमकी के संबंध में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार दोपहर को मुंबई पुलिस के मुख्य नियंत्रण कक्ष में फोन कर कहा गया कि शहर में एक बम लगाया गया है, लेकिन इस बारे में अधिक जानकारी नहीं दी गई। अपराध शाखा इस मामले की जांच कर रही है।
सोमवार को भी, पुलिस को इसी तरह की कॉल आई थी, और कॉल करने वाले का पता उपनगरीय घाटकोपर में था। अधिकारियों ने कहा कि कथित तौर पर कॉल करने वाला व्यक्ति मानसिक रूप से अस्थिर पाया गया।
इससे पहले, शहर के यातायात नियंत्रण कक्ष को यातायात हेल्पलाइन व्हाट्सएप नंबर पर धमकी भरे संदेश मिले थे। उर्दू में सात संदेश थे, जिसमें मुंबई पुलिस को धमकी दी गई थी कि अगर पाकिस्तानी नागरिक सीमा हैदर को उसके देश वापस नहीं भेजा गया तो शहर में 26 नवंबर 2008 के आतंकवादी हमले जैसा हमला हो सकता है। यह संदेश अंतरराष्ट्रीय नम्बर से आया था।
इस मामले में वर्ली थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 506 (2) (मौत या गंभीर चोट पहुंचाने की धमकी देना) के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या पहचान छुपाने के लिए 'कॉल स्पूफिंग' तकनीक का इस्तेमाल किया था। इस मामले में अबतक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं की गई है।
सीमा हैदर ग्रेटर नोएडा निवासी अपने प्रेमी सचिन मीणा से शादी करने के लिए हाल में भारत में अवैध रूप से दाखिल हुई थी। दोनों की ऑनलाइन गेम पबजी खेलने के दौरान दोस्ती हुई थी।
पुलिस ने भारत में अवैध रूप से रहने के सिलसिले में सीमा (30) और सचिन (25) को गिरफ्तार किया था, लेकिन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा की एक अदालत ने उन्हें सात जुलाई को जमानत दे दी थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)