देश की खबरें | मप्र : गोलवलकर को लेकर विवादास्पद पोस्टर पर दिग्विजय सिंह के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रमुख एम.एस. गोलवलकर को लेकर सोशल मीडिया पर विवादास्पद पोस्टर साझा कर विद्वेष फैलाने के आरोप में कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह के खिलाफ इंदौर एवं गुना में आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

इंदौर/गुना/भोपाल (मध्य प्रदेश), नौ जुलाई राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व प्रमुख एम.एस. गोलवलकर को लेकर सोशल मीडिया पर विवादास्पद पोस्टर साझा कर विद्वेष फैलाने के आरोप में कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह के खिलाफ इंदौर एवं गुना में आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

इंदौर शहर के पुलिस आयुक्त मकरंद देउस्कर ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘हमें यह शिकायत प्राप्त हुई थी कि सिंह ने उन बातों को गोलवलकर का कथन बताते हुए सोशल मीडिया पर साझा किया जो उन्होंने (पूर्व सर संघचालक) कभी कहीं ही नहीं थीं। इस शिकायत पर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।’’

देउस्कर ने बताया कि सिंह के खिलाफ आरोपों की जांच के बाद आगामी कदम उठाए जाएंगे।

इंदौर के तुकोगंज पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि स्थानीय वकील और संघ कार्यकर्ता राजेश जोशी की शिकायत पर सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153-ए (धर्म के आधार पर दो समूहों के बीच वैमनस्य फैलाना), धारा 469 (ख्याति को नुकसान पहुंचाने के इरादे से जालसाजी), धारा 500 (मानहानि) और धारा 505 (सार्वजनिक शांति भंग करने के इरादे से भड़काऊ सामग्री प्रसारित करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जोशी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि सिंह ने शनिवार को ट्विटर और फेसबुक पर ‘गुरुजी’ (संघ हलकों में गोलवलकर का लोकप्रिय नाम) के नाम और तस्वीर वाला विवादास्पद पोस्टर साझा किया ताकि दलितों, पिछड़ों, मुसलमानों और हिंदुओं में वैमनस्य पैदा कर उन्हें संघर्ष के लिए उकसाया जा सके।

शिकायत में कहा गया कि गोलवलकर के बारे में सिंह के फेसबुक पोस्ट से संघ कार्यकर्ताओं और समस्त हिन्दू समुदाय की धार्मिक आस्था कथित तौर पर आहत हुई है।

सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जोशी ने पीटीआई- से कहा, ‘‘सोशल मीडिया पर सिंह के साझा किए गए पोस्टर में दलितों, पिछड़ों और मुसलमानों के बारे में गुरुजी के नाम और तस्वीर के दुरुपयोग से एकदम फर्जी बातें छापी गई हैं। ये बातें गुरुजी ने कभी नहीं कही थीं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now