देश की खबरें | मप्र : खुदाई के विरोध में मुसलमानों ने काली पट्टी बांधकर भोजशाला परिसर में नमाज अदा की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश के धार जिले में 11वीं सदी के परिसर के कुछ हिस्सों में कथित खुदाई के विरोध में शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने काली पट्टी बांधकर भोजशाला में नमाज अदा की और खुदाई को उच्चतम न्यायालय के निर्देश का उल्लंघन बताया है।

धार (मध्य प्रदेश), 24 मई मध्य प्रदेश के धार जिले में 11वीं सदी के परिसर के कुछ हिस्सों में कथित खुदाई के विरोध में शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय के सदस्यों ने काली पट्टी बांधकर भोजशाला में नमाज अदा की और खुदाई को उच्चतम न्यायालय के निर्देश का उल्लंघन बताया है।

अदालत के आदेश पर सर्वेक्षण के तहत भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा की गई कथित खुदाई का विरोध करने के लिए बड़ी संख्या में मुसलमान काली पट्टी बांधकर शुक्रवार की नमाज के लिए आए।

मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार एएसआई पिछले 64 दिन से संरचना का सर्वेक्षण कर रहा है।

हिंदू एएसआई द्वारा संरक्षित 11वीं सदी के स्मारक भोजशाला को वाग्देवी (देवी सरस्वती) को समर्पित एक मंदिर मानते हैं, जबकि मुस्लिम समुदाय इसे कमाल मौला मस्जिद कहता है।

हिंदू पक्ष के वकील शिरीष दुबे ने कहा कि मुस्लिम समुदाय के नेता इस मुद्दे पर शीर्ष अदालत के निर्देश की गलत व्याख्या कर रहे हैं।

कमाल मौला की मस्जिद के अधिकारी जुल्फिकार पठान ने शुक्रवार की नमाज के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा है जिसमें कहा गया है कि परिसर में भौतिक खुदाई न करने के शीर्ष अदालत के निर्देश के बावजूद, एएसआई मस्जिद की दीवारों की खुदाई कर रहा है और उन्हें कमजोर कर रहा है।’’

उन्होंने कहा कि समुदाय के नेताओं ने पिछले शुक्रवार को यह मुद्दा उठाया था और घोषणा की थी कि अगर एएसआई के सर्वेक्षण में कोई बदलाव नहीं हुआ तो वे विरोध स्वरूप काली पट्टी बांधेंगे। पठान ने कहा कि वे मौन विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन अगर उनकी मांग नहीं सुनी गई तो वे अपना आंदोलन तेज करेंगे।

अप्रैल में, उच्चतम न्यायालय ने भोजशाला परिसर के वैज्ञानिक सर्वेक्षण पर रोक लगाने से इनकार कर दिया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि कोई भी भौतिक उत्खनन नहीं किया जाना चाहिए जो संबंधित परिसर के चरित्र को बदल देगा।

हालांकि, दुबे ने कहा, ‘‘उच्चतम न्यायालय ने अपने आदेश में कहा था कि खुदाई इस तरह से की जानी चाहिए कि इससे स्थल की मूल संरचना में बदलाव न हो। एएसआई आवश्यकता के अनुसार अपना सर्वेक्षण कर रहा है।’’

उन्होंने दावा किया कि मुस्लिम समुदाय के नेता शीर्ष अदालत के निर्देश की गलत व्याख्या कर रहे हैं और इस मुद्दे पर भ्रामक अभियान चला रहे हैं।

सात अप्रैल, 2003 को एएसआई द्वारा की गई एक व्यवस्था के तहत, हिंदू मंगलवार को भोजशाला परिसर में पूजा करते हैं, और मुस्लिम शुक्रवार को परिसर में नमाज अदा करते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\