देश की खबरें | मप्र: नुकसान के आकलन के लिए दावा अधिकरण के सदस्य 26 अप्रैल को खरगोन जाएंगे

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश के खरगोन शहर में 10 अप्रैल को रामनवमी पर निकाली गयी शोभायात्रा के दौरान हुए पथराव व आगजनी में शहर की सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को हुए नुकसान के आकलन एवं वसूली के लिए राज्य सरकार द्वारा गठित दावा अधिकरण के दो सदस्य मंगलवार को खरगोन जाएंगे।

भोपाल/खरगोन, 25 अप्रैल मध्यप्रदेश के खरगोन शहर में 10 अप्रैल को रामनवमी पर निकाली गयी शोभायात्रा के दौरान हुए पथराव व आगजनी में शहर की सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को हुए नुकसान के आकलन एवं वसूली के लिए राज्य सरकार द्वारा गठित दावा अधिकरण के दो सदस्य मंगलवार को खरगोन जाएंगे।

एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

स्थानीय प्रशासन ने सोमवार को लगातार तीसरे दिन खरगोन में सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक नौ घंटे के लिए कर्फ्यू में ढील दी है और कृषि मंडी को भी खोलने की अनुमति दी।

खरगोन शहर में 10 अप्रैल को रामनवमी के जुलूस पर पथराव के बाद आगजनी की घटनाएं हुई थीं, जिसमें दुकानों, घरों एवं वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया था। इसके बाद पूरे शहर में कर्फ्यू लगाया गया है। 14 अप्रैल से स्थानीय प्रशासन कुछ घंटों के लिए कर्फ्यू में ढील दे रहा है।

मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘खरगोन शहर में 10 अप्रैल को रामनवमी पर शोभायात्रा के दौरान हुए पथराव व आगजनी में शहर की सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को हुए नुकसान के आकलन एवं वसूली के लिए राज्य शासन के गृह विभाग ने दावा अधिकरण गठित किया है। अधिकरण की समस्त व्यवस्थाओं के लिए खरगोन के एसडीएम मिलिंद ढोके को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।’’

उन्होंने कहा कि इस अधिकरण में सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश डॉ. शिवकुमार मिश्रा को अध्यक्ष और मध्यप्रदेश शासन के सेवानिवृत्त सचिव प्रभात पाराशर को सदस्य नियुक्त किया गया है।

अधिकारी ने बताया, ‘‘यह दल 26 अप्रैल को खरगोन जाएगा।’’

अतिरिक्त जिलाधिकारी एसएस मुजाल्दा ने बताया, ‘‘सोमवार को भी सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक कर्फ्यू में छूट होगी। लेकिन अब सोमवार को दी जाने वाली छूट में कृषि मंडी को भी शामिल किया गया है। ढील के दौरान दूध, सब्जियां, दवाएं और अन्य दुकानें खोलने की अनुमति दी गई है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now