देश की खबरें | मप्र : जैन मंदिर पर सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दिग्विजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जिले में एक जैन मंदिर को लेकर सोशल मीडिया पर कथित भ्रामक पोस्ट के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
दमोह (मध्य प्रदेश), 30 अगस्त जिले में एक जैन मंदिर को लेकर सोशल मीडिया पर कथित भ्रामक पोस्ट के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
इस बीच, भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के प्रमुख वीडी शर्मा ने लोगों को गुमराह करने के लिए एक्स, (पूर्व ट्विटर) पर सिंह के खाते को निलंबित करने की मांग की।
राज्यसभा सदस्य सिंह ने 27 अगस्त को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर एक पोस्ट में दावा किया था कि ‘‘बजरंग दल के कुछ कथित असामाजिक तत्वों’’ ने 26 अगस्त की रात कुंडलपुर (दमोह में) में जैन मंदिर परिसर में तोड़फोड़ की और वहां एक शिवलिंग रखा।
सिंह ने इस पोस्ट में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक को टैग किया था। हालांकि, बाद में उन्होंने पोस्ट हटा दिया।
दमोह के पुलिस अधीक्षक सुनील तिवारी ने कहा कि प्राप्त शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ कुंडलपुर जैन मंदिर के बारे में पोस्ट करने के लिए भारतीय दंड संहिता की धाराओं 153-ए (धर्म के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 177 (झूठी जानकारी देना) और 505 (2)(सार्वजनिक उत्पात फैलाने वाले बयान) के तहत मामला दर्ज किया है।
उन्होंने कहा कि उप-विभागीय मजिस्ट्रेट और उप-विभागीय पुलिस अधिकारी द्वारा कुंडलपुर जैन मंदिर की मौके पर की गई जांच के बाद घटना ‘‘बिना तथ्य वाली और भ्रामक’’ पाई गई।
कुंडलपुर ट्रस्ट कमेटी के अध्यक्ष चंद्रकुमार बजाज ने भी मंदिर में ऐसी घटना से इनकार किया है।
बजरंग दल के शहर संयोजक शंभू विश्वकर्मा ने कहा कि उनके संगठन के कार्यकर्ताओं ने कुंडलपुर मंदिर परिसर के बारे में सिंह की ‘‘भ्रामक’’ पोस्ट के खिलाफ पुलिस को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसके बाद पुलिस ने 76 वर्षीय कांग्रेस नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए सिंह को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
इस बीच, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने संवाददाताओं से कहा कि वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सिंह के खाते को निलंबित करने की मांग करते हुए ‘एक्स’ से भी शिकायत करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसका इस्तेमाल सामाजिक घृणा और धार्मिक भावनाओं को भड़काने के लिए किया जाता है।
शर्मा ने कहा, ''दिग्विजय सिंह आदतन राजनीतिक अपराधी हैं और वह देश और प्रदेश का माहौल खराब करने के लिए लगातार फर्जी ट्वीट करते हैं।''
भाजपा नेता ने कहा कि मप्र कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ के पास विधानसभा चुनाव से पहले उठाने के लिए कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए वे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और समाज में नफरत फैलाने के लिए दिग्विजय सिंह के माध्यम से झूठ परोस रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा इस संबंध में कानूनी कदम उठाएगी।
मध्य प्रदेश विधानसभा के चुनाव इस साल के अंत में होने हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)