देश की खबरें | मप्र भाजपा प्रमुख ने दिग्विजय सिंह को "आज के भारत का सबसे बड़ा जयचंद" बताया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह पर तीखा हमला बोलते हुए भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को उन्हें ‘‘समकालीन भारत का सबसे बड़ा जयचंद बताया।’’
इंदौर, 16 अक्टूबर राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह पर तीखा हमला बोलते हुए भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को उन्हें ‘‘समकालीन भारत का सबसे बड़ा जयचंद बताया।’’
इसके साथ ही, उन्होंने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को चुनौती दी कि वह 28 विधानसभा सीटों के लिए तीन नवंबर को होने वाले उप चुनावों के प्रचार में 73 वर्षीय कांग्रेस नेता को उतार कर दिखाएं।
शर्मा ने इंदौर शहर से करीब 40 किलोमीटर दूर सांवेर में संवाददाताओं से कहा, "हमारे सैनिकों पर पाकिस्तान के लोगों के आक्रमण का जवाब देने के लिए (पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों के खिलाफ) हुई सर्जिकल स्ट्राइक पर भारत में जश्न मनता है। हमारे देश के लोग सेना को सलाम करते हैं और दिग्विजय सिंह कहते हैं कि उन्हें इसका सबूत चाहिए।"
उन्होंने कहा, "दिग्विजय सिंह आज के भारत के सबसे बड़े जयचंद हैं। ऐसे जयचंदों का चरित्र मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश की जनता पहचानती है।"
यह भी पढ़े | Bihar Assembly Election 2020: तेज प्रताप के ससुर चंद्रिका राय की चुनावी सभा में टुटा मंच, कई लोग घायल.
शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, "कमलनाथ गलती से मुख्यमंत्री बन गए थे। परदे के पीछे दिग्विजय ही राज्य की कांग्रेस सरकार चला रहे थे। लेकिन उप चुनावों के दौरान दिग्विजय कहां हैं?"
उन्होंने कहा, "कमलनाथ अब उन्हीं दिग्विजय को चुनावी मैदान में लेकर आएं जिनके इशारे पर वह सरकार चला रहे थे। दिग्विजय को जनता के सामने लाने से कमलनाथ डरते क्यों हैं?"
खजुराहो सीट की लोकसभा में नुमाइंदगी करने वाले 50 वर्षीय भाजपा नेता ने 1975 में लगाये गये आपातकाल का हवाला देते हुए कहा, "आप उन लोगों से लोकतंत्र की भला क्या अपेक्षा कर सकते हैं, जिन्होंने आपातकाल लगाकर देश में लोकतंत्र की हत्या कर दी थी। आपातकाल के दौरान कमलनाथ, इंदिरा गांधी के बेटे संजय गांधी के सबसे बड़े रणनीतिकार थे।"
प्रदेश के आसन्न उप चुनावों के लिए भाजपा के घोषित स्टार प्रचारकों की सूची में राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को अन्य वरिष्ठ नेताओं के मुकाबले निचले क्रम पर रखा गया है। इस बारे में पूछे जाने पर शर्मा ने कहा, "भाजपा एक पद्धति के आधार पर काम करती है। भाजपा में सिंधिया का अन्य वरिष्ठ नेताओं जितना ही महत्वपूर्ण स्थान है।"
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कमलनाथ की अगुवाई वाली पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर कृषि कर्ज माफी में नाकाम रहने का आरोप लगाया और कहा कि महज 15 महीने चल सकी इस सरकार का किसानों से सरोकार कभी नहीं रहा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)