देश की खबरें | मप्र : चंद्रयान -3 के चंद्रमा की सतह पर उतरते ही मप्र में जश्न का माहौल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 के सफलतापूर्वक उतरने को लेकर भोपाल और इंदौर शहरों सहित मध्य प्रदेश में कई जगहों पर लोगों ने बुधवार शाम ढोल की थाप पर नृत्य किया, पटाखे फोड़े और देश की जय-जयकार के नारे लगाकर जश्न मनाया।
भोपाल/ इंदौर (मध्य प्रदेश), 23 अगस्त चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 के सफलतापूर्वक उतरने को लेकर भोपाल और इंदौर शहरों सहित मध्य प्रदेश में कई जगहों पर लोगों ने बुधवार शाम ढोल की थाप पर नृत्य किया, पटाखे फोड़े और देश की जय-जयकार के नारे लगाकर जश्न मनाया।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव (मध्य प्रदेश के संयुक्त चुनाव प्रभारी) और नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी डी शर्मा और पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय और अन्य नेताओं/कार्यकर्ताओं भाजपा कार्यालय में इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया।
इंदौर में, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों सहित कई लोग मध्य राजवाड़ा क्षेत्र में झंडे लेकर और ढोल की थाप पर नाचते हुए सड़कों पर निकले। उन्होंने ''भारत माता की जय'' के नारे लगाये।
इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा,‘‘गिरकर उठना, उठकर चलना और चलकर चांद पर पहुंचना-भारत ने यह बात साबित कर दिखाई है। चंद्रयान-3 की कामयाबी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के कुशल वैज्ञानिकों के अथक प्रयासों का परिणाम है।’’
इंदौर के लोकसभा सदस्य शंकर लालवानी ने शहर के एक इंजीनियरिंग महाविद्यालय में सीधा प्रसारण के दौरान चंद्रयान-3 को चंद्रमा की सतह पर उतरते देखा।
लालवानी ने कहा,‘‘भारत, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अंतरिक्ष के क्षेत्र में एक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है।’’
इंदौर के भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के निदेशक प्रोफेसर सुहास जोशी ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता ने भारत को अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में अमेरिका, चीन और रूस सरीखे देशों की अग्रिम पंक्ति में खड़ा कर दिया है।
भोपाल में भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा और उनके समर्थकों ने बैरागढ़ चौराहे पर राष्ट्रीय ध्वज लहराया, पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटीं।मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग भी समारोह में शामिल हुए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)