देश की खबरें | मप्र : महू में छह साल के बच्चे का अपहरण कर हत्या, दो संदिग्ध हिरासत में लिए गए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महू इलाके में फिरौती के लिए छह साल के एक बच्चे का कथित तौर पर अपहरण कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी सोमवार को दी।

महू (मप्र), छह फरवरी मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महू इलाके में फिरौती के लिए छह साल के एक बच्चे का कथित तौर पर अपहरण कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी सोमवार को दी।

उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनमें से एक इस बच्चे का रिश्तेदार है।

अधिकारी ने बताया कि बच्चा रविवार शाम करीब छह बजे पिगडम्बर गांव से लापता हो गया था और सोमवार को सुनसान जगह पर मृत पाया गया।

किशनगंज पुलिस थाना प्रभारी कुलदीप खत्री ने बताया कि बच्चे के लापता होने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया। हालांकि, चोरल वन क्षेत्र में सैंडल और मैंडल गांव के बीच एक पुलिया के अंदर उसका शव मिला है।

उन्होंने बताया कि इस बच्चे को आखिरी बार पिगडम्बर गांव से गुजरने वाली रेलवे लाइन के पास उसके एक रिश्तेदार के साथ देखा गया था। इसके आधार पर पुलिस ने उसे और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया है।

इसी बीच, इस बच्चे के पिता जितेंद्र चौहान और चाचा विजेंद्र चौहान ने दावा किया कि उन्हें एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बच्चे को सुरक्षित छोड़ने के लिए चार करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। विजेंद्र चौहान महू में कांग्रेस के नेता हैं।

इन दोनों ने बताया कि इससे पहले कि वे इस मामले में कार्रवाई कर पाते, उन्हें चोरल वन क्षेत्र में बच्चे का शव पड़े होने की सूचना मिली।

खत्री ने कहा, ‘‘पुलिस ने अभी तक बच्चे के परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज नहीं किए हैं और फिलहाल फिरौती कॉल या पैसे मांगने के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\